आमने- सामने: धर्मेंद्र प्रधान और राहुल गांधी के बीच तीखी बहस

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

सीबीएसई ऑनलाइन मूल्यांकन विवाद पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और राहुल गांधी के बीच तीखी नोकझोंक हुई। प्रधान ने राहुल को हताश बताया, जबकि राहुल ने आरोप लगाया कि मंत्री अपने अपराधों से मुक्त नहीं हो सकते। उन्होंने सीबीएसई मूल्यांकन प्रणाली में अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग की।

 आमने- सामने: धर्मेंद्र प्रधान और राहुल गांधी के बीच तीखी बहस

सीबीएसई ऑनलाइन मूल्यांकन विवाद पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बीच तीखी नोकझोंक हुई। दोनों नेताओं ने एक्स पर पोस्ट में एक दूसरे पर आरोप लगाए। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि राहुल गांधी हताश है। वहीं राहुल गांधी ने कहा कि मुझपर हमला कर शिक्षा मंत्री अपने अपराधों से मुक्त नहीं हो पाएंगे। राहुल गांधी चुनावी हार से हताश: प्रधान

सीबीएसई मूल्यांकन पर राजनीति

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रधान ने राहुल गांधी पर इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने और हताश होने का आरोप लगाया। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा, लोकसभा में विपक्ष के नेता लगातार चुनावी हार के कारण हताश हैं। उन्होंने गांधी पर सुधारों और तकनीकी प्रगति का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक अलग मानसिक स्थिति में पहुंच गए हैं। लगातार चुनावी हार के कारण वह निराश हैं। उन्होंने एसआईआर का विरोध किया, ईवीएम का विरोध किया और डिजिटल इंडिया का भी विरोध किया। ऐसा लगता है कि वह भारत की वैज्ञानिक प्रगति के साथ नहीं खड़े हैं। मंत्री ने जोर देकर कहा कि सीबीएसई की कार्रवाई भारत सरकार की खरीद नीति के अनुरूप है और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मैं सभी से आग्रह करता हूं कि यह राजनीति करने का समय नहीं है। राजनीति बाद में भी की जा सकती है।

पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू होगी

प्रधान ने कहा कि सीबीएसई कक्षा 12 की मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर कुछ मुद्दे सामने आए हैं और अब पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। करीब 17 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी। हर छात्र की उत्तर पुस्तिकाएं सुरक्षित रखी गई हैं। कुल मिलाकर 98 लाख उत्तर पुस्तिकाएं थीं और प्रत्येक में लगभग 40 पृष्ठ थे। यानी करीब 40 करोड़ स्कैन किए गए पृष्ठों का पहली बार सीबीएसई द्वारा इस प्रक्रिया से मूल्यांकन किया गया।

पारदर्शिता के लिए ऐसी व्यवस्था

ऑनलाइन मूल्यांकन प्रणाली को छात्र-केंद्रित बताते हुए उन्होंने कहा कि विदेशों की कई संस्थाएं मूल्यांकन में अधिक पारदर्शिता के लिए इस तरह की व्यवस्था अपना रही हैं। इस प्रक्रिया के जरिए छात्र स्कैन की गई कॉपियों के माध्यम से सीधे अपनी उत्तर पुस्तिका देख सकते हैं। इससे छात्रों की यह शंका दूर होती है कि उन्हें कम या ज्यादा अंक मिले हैं या मूल्यांकन के दौरान कोई उत्तर छूट गया है।

अपराधों से मुक्त नहीं हो पाएंगे प्रधान: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने पलटवार करते हुए कहा कि उन पर हमला करने से केंद्रीय मंत्री अपने अपराधों से मुक्त नहीं हो पाएंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इससे पहले सीबीएसई परीक्षा प्रणाली में अनियमितता और पूरे घोटाले की सच्चाई सामने लाने के लिए स्वतंत्र न्यायिक जांच तथा विशेष जांच दल गठित करने की मांग की थी। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि तेलंगाना में विवादित पृष्ठभूमि वाली एक कंपनी को सीबीएसई ने उत्तर पुस्तिकाओं के डिजिटल मूल्यांकन का ठेका दिया। राहुल गांधी ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान जी आप मुझ पर जितना चाहे हमला कर लें, लेकिन इससे आपके अपराध कम नहीं हो जाएंगे। न ही इससे मैं 18.5 लाख बच्चों के लिए जवाब मांगना बंद करूंगा।

विवादित कंपनी को क्यों दिया ठेका?

राहुल गांधी ने सवाल उठाते हुए पूछा कि सीबीएसई का ओएसएम कॉन्ट्रैक्ट कोएम्प्ट कंपनी को क्यों दिया गया जो अपने पुराने नाम ग्लोबरेना के तहत पहले से विवादों में रही है। यह किसके आदेश पर किया गया? बैकग्राउंड जांच क्यों नहीं की गई? कोएम्प्ट प्रबंधन और केंद्र सरकार के बीच क्या संबंध है? राहुल गांधी ने कहा ये आपने या तो बैकग्राउंड की जांच की या नहीं की। दोनों ही स्थितियों में आप दोषी हैं।

खतरे में लाखों छात्रों का भविष्य

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री वास्तव में स्थिति को लेकर चिंतित होते तो बड़ी कार्रवाई होती क्योंकि लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। उन्होंने कहा कि सीबीएसई के छात्र और उनके अभिभावक इस स्थिति से मानसिक रूप से परेशान हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पर कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। इस पूरे मसले पर जवाबदेही तय होनी चाहिए क्योंकि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा।

सामान्य प्रश्न

सीबीएसई मूल्यांकन विवाद किससे संबंधित है?
सीबीएसई ऑनलाइन मूल्यांकन विवाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बीच है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।