सीबीआई ने पेपर लीक मामले में की दसवीं गिरफ्तारी
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले में लातूर के कोचिंग सेंटर के संस्थापक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर को गिरफ्तार किया। तीन दिन की जांच और आठ घंटे की पूछताछ के बाद आरोपी को दिल्ली की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां उसे नौ दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया गया।

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले में दसवीं गिरफ्तारी की है। महाराष्ट्र के लातूर से कोचिंग सेंटर संस्थापक को तीन दिन तक चली जांच और आठ घंटे से अधिक पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को दिल्ली की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे नौ दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि लातूर में रेणुकाई करियर सेंटर के संस्थापक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर पेपर लीक मामले में संदेह के दायरे में थे। सीबीआई की एक टीम शुक्रवार से उनकी जांच कर रही थी। मोटेगांवकर से उनके घर पर आठ घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की गई थी, जबकि उनके कोचिंग सेंटर में भी दस्तावेजों की जांच जारी थी।
बताया कि कोचिंग सेंटर में तलाशी के दौरान मिले मोटेगांवकर के मोबाइल फोन की जांच की गई तो उसमें लीक हुआ पेपर मिला। इसके बाद रविवार रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि जब्त मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है, ताकि उसमें से डिलीट किया गया डाटा भी बरामद किया जा सके।सोमवार को सीबीआई टीम ने मोटेगांवकर को दिल्ली की कोर्ट में पेश किया। विशेष जज (सीबीआई) अजय गुप्ता की अदालत ने एजेंसी को आरोपी को नौ दिन तक हिरासत में रखकर पूछताछ की अनुमति दे दी। एजेंसी ने दस दिन की हिरासत मांगी थी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


