Delhi News: प्रदूषण पर वार: पुराने दोपहिया और तिपहिया वाहनों को इलेक्ट्रिक में बदलने की सिफारिश

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

Delhi News: - सीएक्यूएम की विशेषज्ञ समिति ने की रेट्रो इलेक्ट्रिक फिटिंग की सिफारिश - इसे प्रोत्साहित करने के लिए इलेक्ट्रिक रेट्रोफिटिंग किट पर 5 प्रतिशत जीएसटी 2032 तक जारी रखने की सिफारिश की - बैंकों से...

Delhi News:  प्रदूषण पर वार: पुराने दोपहिया और तिपहिया वाहनों को इलेक्ट्रिक में बदलने की सिफारिश

Delhi News: - सीएक्यूएम की विशेषज्ञ समिति ने की रेट्रो इलेक्ट्रिक फिटिंग की सिफारिश - इसे प्रोत्साहित करने के लिए इलेक्ट्रिक रेट्रोफिटिंग किट पर 5 प्रतिशत जीएसटी 2032 तक जारी रखने की सिफारिश की

- बैंकों से रेट्रोफिटिंग के लिए ऋण और ईएमआई सुविधा, बीमा कंपनियों से कवर देने का भी सुझाव दिया

- सिर्फ तीन पहिया सीएनजी वाहनों से होता है 19 फीसदी प्रदूषण

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता।

इलेक्ट्रिक रेट्रोफिटिंग की सिफारिश

दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए अब सड़कों पर दौड़ रहे पुराने पेट्रोल और अन्य ईंधन से चलने वाले दोपहिया और तिपहिया वाहनों को इलेक्ट्रिक में बदलने की सिफारिश की गई है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) को सौंपी गई विशेषज्ञ समिति की अंतरिम रिपोर्ट में इलेक्ट्रिक रेट्रोफिटिंग को बढ़ावा देने के लिए कर में राहत, बैंक ऋण, आसान किस्तों और बीमा कवर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया है।

सीएक्यूएम की विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट के मुताबिक पुराने दोपहिया और तीन पहिया वाहनों के इंजन को हटाकर प्रमाणित इलेक्ट्रिक सिस्टम लगाया जा सकेगा। इससे वाहन मालिकों को नया इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के बजाय मौजूदा वाहन को ही इलेक्ट्रिक में बदलने का विकल्प मिल सकता है।

बीती 18 अगस्त को विचार के लिए सौंपी गई रिपोर्ट में समिति ने कहा है कि इलेक्ट्रिक रेट्रोफिटिंग को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक रेट्रोफिट सिस्टम पर महज 5 फीसदी जीएसटी की दर निर्धारित की जानी चाहिए और इसे 2032 तक जारी रखा जाए। इसके साथ ही इनपुट जीएसटी की प्रतिपूर्ति या क्रेडिट की व्यवस्था करने की भी सिफारिश की गई है। इन सुझाव को अगर सरकार लागू करती है तो संबंधित सरकारों और नियामक संस्थाओं के फैसले जरूरी होंगे।

------

वाहन मालिकों के लिए प्रोत्साहन

20 हजार से 40 हजार रुपये तक प्रोत्साहन का सुझाव

समिति का मानना है कि केवल नए इलेक्ट्रिक वाहन बेचने या पुराने वाहनों पर प्रतिबंध लगाने से परिवहन क्षेत्र में तेजी से बदलाव नहीं आएगा। इसके लिए ऐसी व्यवस्था बनानी होगी, जिससे आम वाहन मालिक और रोजी-रोटी के लिए वाहन चलाने वाले लोग भी इलेक्ट्रिक तकनीक अपना सकें। खासतौर पर ऑटो चालकों के लिए शुरुआती खर्च कम करना जरूरी होगा। इसकी वजह से विशेषज्ञ समिति ने प्रमाणित इलेक्ट्रिक रेट्रोफिटिंग कराने वाले वाहन मालिकों को आर्थिक प्रोत्साहन देने की भी सिफारिश की है। इसके तहत इलेक्ट्रिक में बदलने वाले प्रत्येक दोपहिया वाहन पर 20 हजार रुपये और तीनपहिया वाहनों पर 40 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की भी सिफारिश की गई है। इससे रेट्रोफिटिंग की शुरुआती लागत का बोझ कम किया जा सकेगा।

------

फिटनेस प्रमाणपत्र और वित्तीय सुविधाएं

वाहनों की फिटनेस प्रमाण पत्र की अवधि 5 साल बढ़ सकती है

रिपोर्ट में प्रमाणित इलेक्ट्रिक में बदले गए वाहन के फिटनेस प्रमाणपत्र की अवधि 5 साल बढ़ाने और दोबारा पंजीकरण का शुल्क माफ करने का सुझाव दिया गया है। इलेक्ट्रिक में परिवर्तित वाहनों के मौजूदा परमिट को 10 साल तक नवीनीकृत करने की सुविधा देने की भी सिफारिश की गई है। वहीं, बैंकों को इलेक्ट्रिक रेट्रोफिटिंग के लिए ऋण उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित करने का सुझाव दिया गया है। ताकि वाहन मालिकों को ईएमआई के जरिये भुगतान करने की सुविधा भी दी जा सके। इससे एकमुश्त बड़ी रकम खर्च करने की मजबूरी नहीं होगी। समिति ने बीमा कंपनियों से प्रमाणित तरीके से इलेक्ट्रिक में बदले गए वाहनों को बीमा कवर देने की भी सिफारिश की है।

-------

रेट्रोफिटिंग के लिए नियामक ढांचा

हर वाहन का रखा जाए रिकार्ड समिति ने इलेक्ट्रिक रेट्रोफिटिंग के लिए अलग नियामक ढांचा तैयार करने की जरूरत बताई है। इलेक्ट्रिक रेट्रोफिटिंग को महज सीएनजी किट लगाने की वर्तमान व्यवस्था का विस्तार नहीं माना जाना चाहिए। दोनों की तकनीक, सुरक्षा, प्रमाणन और निगरानी की जरूरतें अलग हैं। प्रस्ताव है कि रेट्रोफिटिंग करने वाली कंपनियों को मंजूरी और प्रमाण पत्र दिया जाए। वाहन में लगाए गए उपकरणों का पूरा रिकॉर्ड रखा जाए। किट की जांच एआरएआई, आईसीएटी और नैट्रैक्स जैसी मान्यता प्राप्त एजेंसियों के माध्यम से कराने की सिफारिश की गई है।

------

पुराने वाहनों से प्रदूषण की स्थिति

पुराने वाहनों के प्रदूषण पर चिंता

- दिल्ली-एनसीआर के सक्रिय वाहन - 2.21 करोड़

- इलेक्ट्रिक वाहन की संख्या - 3.6 लाख

- बीएस-4 या इससे कम श्रेणी के वाहन - लगभग 57 फीसदी

- बीएस-1 से बीएस-3 श्रेणी के वाहन - लगभग 30 फीसदी

- बीएस-1 से बीएस-3 श्रेणी के वाहनों से पीएम उत्सर्जन - 74 फीसदी

- बीएस-4 वाहनों से प्रदूषण - लगभग 19 फीसदी

- 2025 में दिल्ली-एनसीआर में नए वाहनों का पंजीकरण - 21.8 लाख

- इनमें दोपहिया वाहनों के प्रदूषण की हिस्सेदारी - 15.6 फीसदी

- यात्री तिपहिया वाहनों के प्रदूषण की हिस्सेदारी - 12.1 फीसदी

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

✦समिति ने किन वाहनों को इलेक्ट्रिक में बदलने की सिफारिश की है?−
पुराने पेट्रोल और अन्य ईंधन से चलने वाले दोपहिया और तिपहिया वाहनों को इलेक्ट्रिक में बदलने की सिफारिश की गई है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsएनसीआर Newsनई दिल्लीDelhi News: प्रदूषण पर वार: पुराने दोपहिया और तिपहिया वाहनों को इलेक्ट्रिक में बदलने की सिफारिश