संपत्ति विवाद में कारोबारी को तीन गोलियां मारी, गंभीर

संपत्ति विवाद में कारोबारी को तीन गोलियां मारी, गंभीर

संक्षेप:

दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने गुरुवार देर रात वारदात को दिया अंजाम, वीडियो वायरल

Dec 12, 2025 07:17 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

नई दिल्ली, कार्यालय संवाददाता। शाहदरा इलाके में गुरुवार देर रात संपत्ति विवाद के चलते एक प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला करने करने का मामला सामने आया है। दो बाइकों पर आए चार बदमाशों ने चलते वाहन पर पीछे बैठे 50 वर्षीय जोगेंद्र राठौर उर्फ बिल्ला को पीछे से तीन गोलियां मार दीं। गोली लगते ही वह बाइक से गिर पड़े। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वारदात की तस्वीरें और वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। डीसीपी शाहदरा प्रशांत गौतम के अनुसार रात करीब 10:31 बजे पीसीआर कॉल पर पुलिस मौके पर पहुंची।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

कॉलर निशा ने बताया कि उसके पति जोगेंद्र को बदमाशों ने गोली मारी है। जोगेंद्र बलबीर नगर में पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते हैं और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। जांच में सामने आया कि एक संपत्ति को लेकर विवाद बढ़ गया था। जोगेंद्र ने आरोपियों के खिलाफ मामला भी दर्ज करवाया था, जो फिलहाल अदालत में लंबित हैं। इसी रंजिश में यह हमला किया गया। चलती बाइक से गोली मारते दिखे बदमाश सीसीटीवी वीडियो में साफ दिखता है कि जोगेंद्र अपने कर्मचारी के साथ बाइक पर जा रहे थे। तभी पीछे से आई बाइक पर बैठे एक बदमाश ने नजदीक से उसकी पीठ पर गोली मारी। गोली लगते ही बाइक दीवार के पास जाकर रुक गई। बदमाशों ने भागने से पहले उसे दो और गोलियां मारीं और मौके से फरार हो गए। जोगेंद्र का कर्मचारी हमलावरों के पीछे दौड़ा, लेकिन वे हाथ नहीं आए। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं।