बस में आग, विधायक समेत 37 यात्री बचे
मलकानगिरि (ओडिशा) में एक बस में आग लग गई जब उसके पिछले टायर फट गए। इस घटना में ओडिशा के कांग्रेस विधायक मंगू खिला समेत 37 यात्री सुरक्षित बच गए। चालक की सूझबूझ से सभी को समय पर बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

मलकानगिरि (ओडिशा), एजेंसी। भुवनेश्वर से नबरंगपुर जा रही एक बस में शनिवार तड़के पिछला टायर फटने के बाद आग लग गई। इस घटना में ओडिशा के कांग्रेस विधायक मंगू खिला समेत 37 यात्री बाल-बाल बचे। पुलिस ने यह जानकारी दी। मलकानगिरि जिले के चित्रकोंडा क्षेत्र के विधायक मंगू खिला इस बस में सवार थे। विधायक ने मीडिया को बताया कि यह घटना आंध्र प्रदेश के रामभद्रपुरम के पास हुई। बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि उससे पहले सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।विधायक ने कहा, बस में आग उस समय लगी जब मैं और सभी यात्री नींद में थे।
चालक की सूझबूझ से सभी की जान बच गई। उसने बस तुरंत रोकी और खिड़कियां खोलकर यात्रियों को जगाया। एक बड़ी त्रासदी टल गई। मैं भुवनेश्वर के रसूलगढ़ बस स्टैंड से बस में सवार हुआ था और मलकानगिरि जा रहा था। बाद में दूसरी बस से सभी यात्रियों को मलकानगिरि भेजा गया।पुलिस ने बताया कि विधायक समेत सभी यात्री सुरक्षित है, कोई चोटिल नहीं हुआ है। चालक की सूझबूझ और यात्रियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। दमकल कर्मी और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


