बीएसएनएल 60,000 तक नए मोबाइल टावर लगाएगा : सिंधिया
केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि बीएसएनएल अगले वित्त वर्ष में 50,000 से 60,000 नए मोबाइल टावर लगाएगी। बीएसएनएल ने 4जी नेटवर्क के लिए 20,000 करोड़ रुपये का निवेश किया है। वर्तमान में बीएसएनएल के एक लाख टावर सक्रिय हैं और इसे 5जी में अपडेट किया जाएगा।

नई दिल्ली, एजेंसई। केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को कहा कि बीएसएनएल अगले वित्त वर्ष में 50,000 से 60,000 और मोबाइल टावर लगाएगी, जिससे इसका नेटवर्क मजबूत होगा। सिंधिया ने बताया कि बीएसएनएल ने 4जी नेटवर्क बनाने के लिए एक साल में 20,000 करोड़ रुपये का निवेश किया। इस नेटवर्क को जल्द ही 5जी नेटवर्क में अपडेट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज बीएसएनएल के एक लाख टावर काम कर रहे हैं, जो हमारी स्वदेशी और आत्मनिर्भर 4जी प्रौद्योगिकी से सिग्नल भेज रहे हैं। इसी आधार पर अब हम नेटवर्क का विस्तार करने की योजना बना रहे हैं। कुल 98,000 टावर लगभग तैयार हो चुके हैं।
हम इसे 50,000 से 60,000 और टावर जोड़कर और मजबूत बनाना चाहते हैं, ताकि नेटवर्क पूरी तरह से टिकाऊ रहे और फिर इसे बहुत तेजी से 5जी में बदला जा सके।उन्होंने कहा कि 5जी नेटवर्क में बदलाव उतना कठिन नहीं होगा, क्योंकि बीएसएनएल का नेटवर्क पूरी तरह से आत्मनिर्भर 4जी प्रौद्योगिकी पर आधारित है। केवल कुछ अतिरिक्त मोबाइल टावर की आवश्यकता होगी, जिन्हें केंद्रीय नेटवर्क सॉफ्टवेयर के माध्यम से अपडेट किया जा सकेगा। सिंधिया ने कहा कि जून, 2024 में बीएसएनएल के 8.55 करोड़ ग्राहक थे, जो अब बढ़कर 9.27 करोड़ हो गए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


