लड़की से चैट करने के शक में युवक से हैवानियत
-वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया -आरोपियों ने युवक पर लड़की की

जयपुर, एजेंसी। राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक युवक के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। व्हाट्सएप पर एक लड़की से चैट करने के शक में कुछ लोगों ने युवक को बुरी तरह पीटा, उसका चेहरा काला किया और जबरन मूत्र पिलाया।पुलिस के अनुसार, यह घटना 26 मार्च को शिव (शेओ) थाना क्षेत्र में हुई। पीड़ित की पहचान 19 वर्षीय देवी सिंह के रूप में हुई है। घटना का वीडियो हाल ही में सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया।थाना प्रभारी सत्यप्रकाश विश्नोई ने बताया कि पीड़ित के परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की एक लड़की से व्हाट्सएप पर बातचीत को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ।
इसके बाद मारपीट हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने बताया कि आरोपियों ने युवक पर लड़की की फोटो मोबाइल में रखने का आरोप लगाया। इसके बाद उन्होंने युवक को पकड़कर उसकी पिटाई की, चेहरा काला किया और जबरन मूत्र पिलाया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो में कुछ लोग इस घटना की रिकॉर्डिंग करते भी नजर आ रहे हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


