बांग्लादेश में किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था बनाए रखनी होगी: रहमान
बीएनपी के अध्यक्ष तारिक रहमान ने बांग्लादेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने सुरक्षित और मानवता का सम्मान करने वाले देश के निर्माण के लिए सहयोग की अपील की। बीएनपी ने ऐतिहासिक संसदीय चुनावों में शानदार जीत दर्ज की, जिसमें 297 में से 209 सीटें जीतीं।

ढाका, एजेंसी। बीएनपी के अध्यक्ष तारिक रहमान ने शनिवार को बांग्लादेश में किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सुरक्षित और मानवता का सम्मान करने वाला देश बनाने में सहयोग करने की अपील की। रहमान की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने शुक्रवार को ऐतिहासिक संसदीय चुनावों में दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ शानदार जीत दर्ज की। रहमान पहली बार प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। वह अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस की जगह लेंगे। रहमान ने 13वें संसदीय चुनावों में भारी जीत के एक दिन बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हमें सुरक्षित और मानवता का सम्मान करने वाला बांग्लादेश बनाने के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता है।
इस बार देश के पुनर्निर्माण में सभी को जिम्मेदार भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी बहाने किसी के साथ अन्याय नहीं किया जा सकता। किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था बनाए रखनी होगी। देश के स्वतंत्रता-प्रेमी लोगों ने बीएनपी को विजयी बनाया है। उन्होंने चुनाव परिणाम को जनता की जीत बताया। देश के निर्माण में सभी के विचार महत्वपूर्ण बीएनपी अध्यक्ष ने कहा कि आज से सभी स्वतंत्र हैं। आप सभी को बधाई। सभी की भागीदारी के साथ देश में फासीवाद-मुक्त सरकार की यात्रा शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि देश के निर्माण में सभी के विचार महत्वपूर्ण हैं। हम सभी की राय के आधार पर देश का निर्माण करेंगे। निर्वाचन आयोग (ईसी) के अनुसार, बीएनपी ने 297 में से 209 सीट जीतीं, जबकि दक्षिणपंथी जमात-ए-इस्लामी को 68 सीट पर जीत मिलीं। हसीना की पार्टी अवामी लीग के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




