ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR नई दिल्लीशादी का झांसा देकर लड़कियों को करता था ब्लैकमेल

शादी का झांसा देकर लड़कियों को करता था ब्लैकमेल

विवेक विहार इलाके से पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो शादी का झांसा देकर लड़कियों को ब्लैकमेल करता था। आरोपी 34 वर्षीय योगेश गर्ग उर्फ समीर गर्ग लड़कियों से संपर्क करने के लिए मैट्रिमोनियल...

शादी का झांसा देकर लड़कियों को करता था ब्लैकमेल
प्रमुख संवाददाता,नई दिल्ली Fri, 08 Sep 2017 10:29 AM
ऐप पर पढ़ें

विवेक विहार इलाके से पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो शादी का झांसा देकर लड़कियों को ब्लैकमेल करता था। आरोपी 34 वर्षीय योगेश गर्ग उर्फ समीर गर्ग लड़कियों से संपर्क करने के लिए मैट्रिमोनियल साइट्स इस्तेमाल करता था। 
सूत्रों के अनुसार, आरोपी समीर पर करीब 15 युवतियों से 50 लाख रुपये से अधिक की रकम ठगने का आरोप है। इसकी गिरफ्तारी से पुलिस ने विवेक विहार से शादी का झांसा देकर अगवा की गई महिला व उसके 12 वर्षीय बेटे को मुक्त कराया है। आरोपी ने महिला से भी साढ़े तीन लाख रुपये ठगे थे। शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त नुपुर प्रसाद ने बताया कि 5 सितंबर को विवेक विहार थाने में एक युवक ने 42 वर्षीय महिला और उसके बेटे के गायब होने की शिकयत दर्ज कराई थी। युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन सरकारी स्कूल में टीचर है। शादी के कुछ वर्ष बाद उसका तलाक हो गया था। उसका 12 वर्षीय बेटा भी है जो महिला के साथ है। उसकी बहन ने मैट्रिमोनियल साइट जीवन साथी डॉट कॉम पर अपनी जानकारी डाली हुई थी। इसके जरिए उसकी बहन की पहचान समीर गर्ग से हुई थी। युवक ने आरोप लगाया कि समीर ने उसकी बहन और भांजे को अगवा कर लिया है। उसने अपनी बहन को कॉल करने का प्रयास भी किया, लेकिन उसे कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वहीं, पुलिस के कहने पर महिला के भाई ने अपनी बहन को फोन करके बताया कि उसके पिता एम्स में भर्ती है, वह उसे देखने आ जाए। मगर, महिला ने कहा कि वह मुंबई में है। वहां से आने के बाद वह पिता को देखेगी। इस दौरान पुलिस को महिला के मोबाइल की लोकेशन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की मिली। इसके बाद पुलिस ने स्टेशन पर पहुंच कर आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, महिला और उसके बेटे को मुक्त करा लिया।

अश्लील वीडियो बनाकर रकम ऐंठता था आरोपी
सूत्रों के अनुसार, युवतियों और महिलाओं से नजदीकी बढ़ाने के बाद आरोपी समीर उन्हें शादी का झांसा देता था। इस बीच वह उनसे शारीरिक संबंध बना लेता था और इसकी अश्लील वीडियो भी तैयार कर लेता था। फिर युवतियों और महिलाओं की अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल करता था। पुलिस ने आरोपी के पास से नौ सिम कार्ड, फर्जी वोटर आईकार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड व नामी कंपनी का नकली आईकार्ड और कुछ अन्य कागजात बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

आरोपी ने खुद को आईएएस का बेटा बताया
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी ने महिला के समक्ष खुद को पूर्व आईएएस अधिकारी का बेटा बताया था। फिर उसने महिला को अपने प्रेम जाल में फंसाया। आरोप है कि उसने महिला से शारीरिक संबंध भी बनाए। इतना ही नहीं, वह उसे वैष्णो देवी दर्शन के लिए भी ले गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म, धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

फिल्म से वारदात करने का आइडिया मिला
पुलिस के मुताबिक, फिल्म ‘लेडीज वर्सेज रिक्की बहल’ देखकर आरोपी समीर को ठगी का आइडिया आया। वह सीए की पढ़ाई कर रहा था। मगर, पढ़ाई बीच में ही छोड़कर उसने ठगी का धंधा शुरू कर दिया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी की हरकतों से परेशान होकर उसके परिवार ने करीब सात वर्ष पहले कानूनी रूप से उससे अपना संबंध खत्म कर लिया था। वहीं, उसकी पत्नी ने भी उससे तलाक ले लिया था। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें