उद्योग जगत को निवेश अनुकूल नीतियों की उम्मीद
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन पर उद्योग मंडलों और व्यापार संगठनों ने बधाई दी। उम्मीद जताई गई कि नई सरकार औद्योगिकीकरण, बुनियादी ढांचे के निर्माण और केंद्र-राज्य समन्वय पर ध्यान केंद्रित करेगी। बंगाल चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भी प्रचंड जनादेश मिलने पर बधाई दी और निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल की उम्मीद की।

कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन पर उद्योग मंडलों और व्यापार संगठनों ने सोमवार को बधाई दी और उम्मीद जताई कि नई सरकार राज्य के आर्थिक वृद्धि को पटरी पर लाने के लिए औद्योगिकीकरण, बुनियादी ढांचे के निर्माण, निवेश अनुकूल नीतियों और केंद्र-राज्य के बीच मजबूत समन्वय पर ध्यान केंद्रित करेगी। भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष नरेश पचीसिया ने कहा, बंगाल के लिए एक नई शुरुआत का संकेत है, जहां बड़े निवेश, व्यापार विस्तार और औद्योगिकीकरण को गति देने के साथ केंद्र-राज्य संबंधों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने पारदर्शी और सुदृढ़ शासन, व्यवसाय-अनुकूल नीतियों, स्थिर श्रम संबंधों और निवेशकों के बीच राज्य की छवि सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बंगाल चैंबर ऑफ कॉमर्स का बयान
बंगाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (बीसीसीआई) ने भी राज्य में सरकार बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड जनादेश मिलने पर बधाई दी। उद्योग मंडल ने बयान में कहा, बीसीसीआई राज्य में ऐसा माहौल बनने की उम्मीद करता है जो निवेशकों के भरोसे, कारोबार सुगमता, औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और नीतिगत स्थिरता को और मजबूत करे। उसने कहा कि राज्य की आर्थिक क्षमता का लाभ उठाने के लिए रचनात्मक शासन और सहयोगात्मक विकास अहम होंगे।
कपड़ा क्षेत्र को विशेष समर्थन की उम्मीद
पश्चिम बंगाल होजरी एसोसिएशन के अध्यक्ष सुदेश अग्रवाल ने उम्मीद जताई कि नई सरकार कपड़ा क्षेत्र को विशेष समर्थन देगी और केंद्र सरकार की योजनाओं के अनुरूप कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि उद्योग को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आधुनिक टेक्सटाइल पार्कों के विकास, बेहतर लॉजिस्टिक और एकीकृत मूल्य शृंखला के लिए मजबूत केंद्र-राज्य समन्वय की उम्मीद है। अग्रवाल ने कहा, बदलते वैश्विक परिदृश्य में, जहां आपूर्ति शृंखलाएं लगातार परिवर्तित हो रही हैं, राज्य के पास एक प्रतिस्पर्धी और भरोसेमंद वस्त्र केंद्र के रूप में उभरने की पर्याप्त क्षमता है। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि नीतिगत इच्छाशक्ति के साथ समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
अधिकतर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


