बाबा साहब के आदर्शों की प्रासंगिकता आज भी बरकरार: नितिन नवीन

Apr 14, 2026 08:56 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का जीवन समाज सुधार और शिक्षा पर केंद्रित था। नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों में उनके आदर्शों की प्रासंगिकता को बताया और कांग्रेस पर बाबा साहब का अपमान करने का आरोप लगाया।

बाबा साहब के आदर्शों की प्रासंगिकता आज भी बरकरार: नितिन नवीन

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को संविधान के शिल्पकार भारत रत्न बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। नवीन ने कहा कि बाबा साहब का जीवन समाज को सुधारने, शिक्षित करने और समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने के उनके विचार पर आधारित रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिस प्रकार से काम कर रहे हैं, उसमें उनके आदर्शों की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि हम सब बाबा साहब के आदर्शों एवं विचारों से प्रेरणा लेने का प्रण लेते हैं।भाजपा मुख्यालय में बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जिस प्रकार से बाबा साहब ने संविधान में सबकी भागीदारी की बात की, महिलाओं को अधिकार दिलाने की बात की और समाज के हर वर्ग की आवाज को बुलंद करने का कार्य किया, वह आज भी समाज के हर वर्ग को उत्साहित और प्रेरित करता है।

वर्तमान में संविधान के निर्माण के विषय को लेकर जिस प्रकार से अलग-अलग व्याख्याएं की जाती हैं, उनका उद्देश्य केवल यह है कि विकास की योजनाओं में अंतिम व्यक्ति को कैसे जोड़ा जाए। आंबेडकर और दीनदयाल उपाध्याय के जीवन के जो विचार रहे, आज नरेन्द्र मोदी सरकार उन विचारों और उनके आदर्शों को पूरा कर रही है।नवीन ने कांग्रेस पर बाबा साहब का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पंडित नेहरू और कांग्रेस ने बाबा साहब को 1952 और 1954 में जिस तरह से लगातार अपमानित किया, उसे देश हमेशा याद रखेगा। उन्हें चुनाव में हराने का हरसंभव प्रयास किया गया। बाबा साहब को भारत रत्न देने के योग्य भी नहीं समझा गया, जबकि नेहरू-गांधी परिवार ने स्वयं को भारत रत्न दिया। केंद्र में भाजपा समर्थित सरकार आने पर बाबा साहब को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। यदि कांग्रेस ने बाबा साहब के आदर्शों को थोड़ा भी आत्मसात किया होता और उनके विचारों के अनुरूप काम किया होता तो आज संविधान की प्रति लेकर गांधी परिवार को नहीं घूमना पड़ता।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।