सत्ता संग्राम: केरल के मतदाता ठहराव की जगह विकास को चुनें: नवीन
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने केरल के मतदाताओं से विधानसभा चुनाव में विकास को चुनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एनडीए को समर्थन देकर राज्य को नई दिशा दी जा सकती है। नवीन ने बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, हाई-स्पीड रेल और महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर दिया। उन्होंने 9 अप्रैल को मतदान करने की अपील की।

नई दिल्ली, एजेंसी। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने केरल के मतदाताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में ठहराव के बजाय विकास को चुनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनता एनडीए को ऐतिहासिक जनादेश देकर राज्य में नई दिशा दे सकती है। नवीन ने ‘एक्स’ पर कहा कि केरल की जनता वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के बीच कथित मिलीभगत से उपजे लंबे ठहराव से बाहर निकलने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने विकसित केरलम का विजन रखा है, जिसमें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, हाई-स्पीड रेल कनेक्टिविटी और महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर है।
उन्होंने मतदाताओं से नौ अप्रैल को मतदान कर आत्मनिर्भर और समृद्ध केरल के निर्माण में योगदान देने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि अब तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति से आगे बढ़कर विकास और सुशासन के युग को अपनाने का समय है, जो नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव है।भाजपा अध्यक्ष ने असम और पुडुचेरी के मतदाताओं से भी एनडीए के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि असम में विकास की गति को बनाए रखने और पुडुचेरी में स्थिर व समृद्ध शासन के लिए एनडीए को समर्थन जरूरी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


