भाजपा 20 को चुनेगी राष्ट्रीय अध्यक्ष, नितिन नवीन का होगा निर्विरोध निर्वाचन

Jan 16, 2026 07:57 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का कार्यक्रम जारी किया है। नामांकन 19 जनवरी को होंगे और नए अध्यक्ष का नाम 20 जनवरी को घोषित किया जाएगा। नितिन नवीन निर्विरोध अध्यक्ष बनने की संभावना है। मतदाता संख्या 5,708 है और सभी प्रमुख नेता नामांकन में भाग लेंगे।

भाजपा 20 को चुनेगी राष्ट्रीय अध्यक्ष, नितिन नवीन का होगा निर्विरोध निर्वाचन

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। भाजपा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का कार्यक्रम शुक्रवार को जारी कर दिया है। इस पद के लिए नामांकन 19 जनवरी को दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद अगले दिन 20 जनवरी को नए पार्टी अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ही निर्विरोध पार्टी अध्यक्ष चुने जाएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण द्वारा जारी संगठन चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन 19 जनवरी को दोपहर दो से शाम चार बजे के बीच दाखिल किया जा सकेगा। उम्मीदवार उसी दिन शाम 5 बजे से शाम 6 बजे के बीच नामांकन वापस ले सकेंगे।

उम्मीदवारों के नामांकन पत्र की छानबीन 19 जनवरी को शाम 4 बजे से शाम 5 बजे के बीच की जाएगी। लक्ष्मण ने कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो 20 जनवरी को मतदान होगा और उसी दिन नए चुने गए भाजपा अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। इसके साथ ही यह लगभग तय हो गया है कि नितिन नवीन के रूप में पार्टी को सबसे युवा अध्यक्ष मिल जाएगा। वह निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा की जगह लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी का शीर्ष नेतृत्व नवीन की उम्मीदवारी के लिए 19 जनवरी को नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए मतदाताओं की संख्या 5,708 है। एक सेट में अधिकतम 20 प्रस्तावक हो सकते हैं। कम से कम 5 राज्यों से 5 सेट प्रस्तावक हैं। भाजपा की कोशिश है कि हर राज्य से एक सेट प्रस्तावक आएं। पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा मौजूद रहेंगे। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष भी नामांकन के दिन मौजूद रहेंगे। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के लिए मतदाता सूची उन 30 राज्यों से तैयार की गई है जिनमें संगठन चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसमें राष्ट्रीय परिषद और राज्य की परिषद के नेताओं के नाम शामिल हैं। संसदीय दल से परिषद में 35 लोग शामिल किए गए हैं जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह जैसे नेता शामिल हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।