
उत्तर प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष को लेकर गहमागहमी बढ़ी
उत्तर प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष के चयन के लिए दिल्ली में बैठकें हुईं। भूपेंद्र चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह से मुलाकात की। नए अध्यक्ष के लिए सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा की गई। अगले तीन-चार दिनों में नए अध्यक्ष का चुनाव होने की संभावना है।
नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। उत्तर प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष को लेकर गुरुवार को दिल्ली में बैठकों का दौर चला। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इसके अलावा भाजपा व संघ नेताओं को बीच भी मंत्रणा हुई। शाह के आवास पर हुई इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, महासचिव संगठन बीएल संतोष व संघ के सह सर कार्यवाह अरुण कुमार मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए जरूरी प्रदेश परिषद के सदस्यों की घोषणा के बाद माना जा रहा है कि अगले तीन-चार दिनों में नए अध्यक्ष का चुनाव कर लिया जाए।
इसी को देखते हुए गुरुवार को दिल्ली में काफी गहमागहमी रही। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह से अलग अलग मुलाकातें की। माना जा रहा है उन्होंने नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए सामाजिक व राजनीतिक समीकरणों को लेकर अपनी राय केंद्रीय नेतृत्व को दी है। इस मुद्दे पर एक अहम बैठक गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर हुई। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, महासचिव संगठन बी एल संतोष के साथ संघ के राजनीतिक मामलों को देख रहे सह सर कार्यवाह अरुण कुमार भी मौजूद रहे। बैठक में भावी सामाजिक व राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए संगठन के गठन को लेकर चर्चा की गई जिसमें उत्तर प्रदेश के नए अध्यक्ष का मुद्दा अहम रहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




