भाजपा ने तमिल आवाज दबाने के आरोप पर राहुल गांधी को घेरा
भाजपा ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए उन्हें भारतीय राजनीति में अलगाववाद का उदाहरण बताया है। भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने राहुल के प्रधानमंत्री मोदी पर आरोपों को तथ्यहीन कहा और मोदी के तमिल संस्कृति के प्रति सम्मान की सराहना की। पासवान ने राहुल को विभाजनकारी राजनीति करने के लिए भी चेतावनी दी।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए उनको भारतीय राजनीति में अलगाववाद का उदाहरण करार दिया है। भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तमिल आवाज दबाने के आरोप को सिरे से नकारते हुए इसे तथ्यहीन और बेबुनियाद करार दिया। पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 11 वर्षों में तमिल भाषा, संस्कृति और अस्मिता के प्रति जिस स्तर की संवेदनशीलता और सम्मान दिखाया है, वैसा भारत के इतिहास में पहले कभी देखने को नहीं मिला। उन्होंने कहा कि यह बयान बेहद शर्मनाक और निराधार है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी भारतीय राजनीति में अलगाववाद का एक सटीक उदाहरण हैं।
उन्होंने उनसे इस तरह की टिप्पणियां करने से बचने का आग्रह किया। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक मंचों पर तमिल पहचान को बढ़ावा दिया है। हाल में परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के दौरान उत्तर भारत के छात्रों से इस भाषा को सीखने का आग्रह भी किया था। पासवान ने आरोप लगाया कि अलगाववादी प्रवृत्ति और राष्ट्र-विरोधी मानसिकता वाले लोग क्षेत्र, भाषा और जाति का इस्तेमाल करके राजनीतिक तांडव करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का पिछला रिकॉर्ड उनकी अत्यधिक असंवेदनशीलता को दर्शाता है। भाजपा ने राहुल गांधी की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका आचरण हर राज्य में अलग-अलग रूप में सामने आता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिहार में जाति के नाम पर उन्माद फैलाने की कोशिश करते हैं, जबकि तमिलनाडु में तमिल अस्मिता के नाम पर नकारात्मक और विभाजनकारी राजनीति करते हैं। कभी जाति, कभी क्षेत्र और कभी पहचान के नाम पर राजनीति करना नेता प्रतिपक्ष की आदत बन चुकी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




