राहुल गांधी के बयानों से कांग्रेस और साथी ही कर रहे हैं किनारा : भाजपा
भाजपा ने राहुल गांधी के जर्मनी में दिए गए बयानों को देश-विरोधी करार दिया है। प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि गांधी ने विदेशी धरती पर भारत को बदनाम किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता और परिवार के सदस्य भी उन पर भरोसा नहीं कर रहे हैं।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। भाजपा ने लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जर्मनी में दिए गए बयानों को देश-विरोधी करार देते हुए कहा कि उनके बयानों से न केवल कांग्रेस, बल्कि उसके सहयोगी दल भी किनारा करने लगे हैं। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी जनता का विश्वास खो चुके हैं और उनके नेतृत्व में कांग्रेस को 95 प्रतिशत चुनावों में हार का सामना करना पड़ा है। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने विदेशी धरती पर भारत के खिलाफ बयान देकर देश को बदनाम किया है। पूनावाला ने दावा किया कि राहुल गांधी इस बात से भी परेशान हैं कि उनकी पार्टी के नेता और यहां तक कि परिवार के सदस्य भी उन पर भरोसा नहीं जता रहे हैं, जिससे वह घबराए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इसका ताजा उदाहरण कांग्रेस सांसद शशि थरूर हैं, जिन्होंने बिहार में पिछले 20 वर्षों में राजग सरकारों के कामकाज की सराहना कर राहुल गांधी के ‘मतदाता सूची में गड़बड़ी’ वाले कथानक को खारिज कर दिया। भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि वामदल के सांसद जॉन ब्रिटास ने टिप्पणी की कि राहुल गांधी को संसद सत्र के दौरान विदेश नहीं जाना चाहिए था। ब्रिटास के अनुसार, केवल वाम दल ही नहीं, बल्कि डीएमके भी राहुल गांधी की इस ‘भारत बदनामी यात्रा’ के पक्ष में नहीं थी। पूनावाला ने आरोप लगाया कि इसी कारण राहुल गांधी ने एक बार फिर अमेरिकी निवेशक जॉर्ज सोरोस के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए भाजपा और भारत के खिलाफ बयान देने के लिए विदेश यात्रा की। राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी और जनता के जनादेश के विरोध में बर्लिन में भारत के खिलाफ बातें कहीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




