एसआईआर के खिलाफ राहुल गांधी का अभियान फ्लॉप शो: भाजपा
भाजपा ने राहुल गांधी के एसआईआर अभियान को फ्लॉप बताया और कहा कि कांग्रेस और राजद ने इसे खुद ही ध्वस्त कर दिया है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि राजद और कांग्रेस ने मतदाता सूची के खिलाफ...

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एसआईआर के खिलाफ अभियान को फ्लॉप शो बताते हुए कहा है कि उसे खुद उनकी पार्टी और सहयोगी राजद ने ही ध्वस्त कर दिया है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदाता सूची के खिलाफ बिहार में राजद और कांग्रेस ने एक भी अपील दाखिल नहीं की। इससे साफ है कि राजद और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष के अभियान की पोल खोल दी है। उन्होंने झूठा प्रचार किया और बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध किया। भाजपा प्रवक्ता ने कहा है कि बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी यह घोषणा कर चुके हैं कि राज्यभर के जिला प्रशासनों को नई मतदाता सूची से हटाए गए या उसमें जोड़े गए नामों के खिलाफ एक भी अपील प्राप्त नहीं हुई है।
भाजपा ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया है कि उनके अभियान का उद्देश्य घुसपैठियों को बचाना था। पार्टी ने कांग्रेस नेता के आंदोलन में शामिल होने के लिए राजद नेता तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। भाजपा प्रवक्ता ने मांग की कि राहुल और यादव को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस नेता घुसपैठियों का समर्थन करने वाला रुख अपनाने में किसी विदेशी रिमोट कंट्रोल से प्रेरित थे। कांग्रेस नेता का पूरा अभियान झूठ और छल से भरा था। उन्होंने कहा कि विपक्षी कार्यकर्ताओं को एहसास हो गया है कि बिहार के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ‘2 एन के विकास एजेंडे के साथ हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




