दिल्ली समेत चार राज्यों में भाजपा ने नए अध्यक्ष नियुक्त किए
भाजपा ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा के लिए नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है। दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा, हरियाणा में अर्चना गुप्ता, पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों और त्रिपुरा में अभिषेक देबराय को पार्टी की कमान सौंपी गई है। इन नियुक्तियों का चुनावी रणनीति में खास महत्व है।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। भाजपा नेतृत्व ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा एवं त्रिपुरा के लिए नए अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। दिल्ली में केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, हरियाणा में अर्चना गुप्ता, पंजाब में सरदार केवल सिंह ढिल्लों एवं त्रिपुरा में अभिषेक देबराय को पार्टी की कमान सौंपी गई है। संगठन एवं आगामी चुनावों की रणनीति को देखते हुए इन नियुक्तियों का खासा महत्व है, खासकर पंजाब के लिए जो भाजपा का अगला बड़ा मिशन है। संगठन की इन नई नियुक्तियों से केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल की संभावना बढ़ गई है। केंद्रीय संगठन की नई टीम की घोषणा भी जल्द होनी है। पंजाब और त्रिपुरा के अध्यक्ष नियुक्त किए गए ढिल्लों तथा देबराय कांग्रेस से भाजपा में आए हैं। इन लोगों को संगठन की कमान देने से साफ है कि पार्टी में अब बाहर से आने वाले नेताओं की भी संगठन में भूमिका और मजबूत हो रही है। पार्टी में अभी तमिलनाडु, सिक्किम एवं अरुणाचल में कांग्रेस से आए प्रदेश अध्यक्ष बने हुए हैं। हरियाणा में महिला को कमान सौंपी गई है।
चुनावी दृष्टि
चुनावी दृष्टि से भी साफ है कि भाजपा अगले साल होने वाले पंजाब के चुनावों के लिए सभी समीकरणों को साध रही है। पार्टी ने वहां पर कांग्रेस से आए एक और नेता को ही संगठन की कमान सौंपी है। अभी तक सुनील जाखड़ प्रदेश अध्यक्ष थे, जो कांग्रेस से आए थे और अब नए अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों भी कांग्रेस से आए हैं। ढिल्लों सिख समुदाय से आते हैं और कांग्रेस से भाजपा में आए पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी हैं। भाजपा वहां पर सिख समुदाय को साधने के साथ हिंदू समुदाय को भी अपने साथ जोड़े रखना चाहती है।
दिल्ली के नए अध्यक्ष
दिल्ली के नए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए गए केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी पंजाबी समुदाय से आते हैं। पार्टी उनके जरिये भी पंजाब के हिंदू समुदाय को संदेश देने की कोशिश करेगी। दिल्ली की जनसांख्यिकी में भले ही पंजाबी समुदाय का दबदबा न रहा हो, लेकिन फिलहाल भाजपा के लिए सामाजिक समीकरण साधने और भावी चुनावी संदेश देने के लिए यह काफी अहम है। अभी तक दिल्ली में वीरेंद्र सचदेवा अध्यक्ष थे, वह भी पंजाबी समुदाय से आते हैं। दिल्ली में सत्ता और संगठन में संतुलन के लिए भी यह बदलाव किया गया है।
हरियाणा में परिवर्तन
हरियाणा में पेशे से डॉक्टर अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। अर्चना राज्य की अध्यक्ष बनने वाली दूसरी भाजपा नेता हैं। भाजपा की वरिष्ठ नेता कमला वर्मा 1980 से 1983 तक भाजपा की हरियाणा इकाई की पहली महिला अध्यक्ष रही थीं। उनका निधन 2021 में 93 वर्ष की आयु में हुआ था। डॉ. अर्चना की नियुक्ति से भाजपा ने महिलाओं को भी संदेश दिया है। अब भाजपा की दो राज्यों में महिला अध्यक्ष हो गई हैं। गुप्ता को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का करीबी माना जाता है। संघ के साथ भी उनके रिश्ते अच्छे रहे हैं।
त्रिपुरा में युवा चेहरा
त्रिपुरा के अध्यक्ष नियुक्त किए गए अभिषेक देबराय कुछ साल पहले कांग्रेस से भाजपा में आए थे, वह राज्य में भाजपा के युवा चेहरा होंगे। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश और अब कॉरपोरेट मामलों के राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को संगठन की कमान सौंपे जाने के बाद केंद्रीय मंत्रिपरिषद में दो जगह और रिक्त होने की स्थिति बन गई है। माना जा रहा है कि मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के नौ जून को दो साल पूरे होने के आसपास यह विस्तार हो सकता है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


