समझौता मिशन को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर तीखा हमला, नेहरू से लेकर राहुल पर लगाए गंभीर आरोप
भाजपा ने कांग्रेस और गांधी-नेहरू परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि उन्होंने देश के साथ समझौता किया है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी ने 247 विदेशी यात्राएं कीं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी नहीं दी। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्रीय हितों से समझौता किया है।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। भाजपा ने कांग्रेस और उसके नेतृत्व को कठघरे में खड़ा करते हुए उस पर देश के साथ समझौते करने के कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल ने पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर राहुल गांधी तक गांधी-नेहरू परिवार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि इस परिवार के हर नेता ने देश को दांव पर लगाकर केवल समझौता मिशन पर काम किया और अपने हितों की रक्षा भर की है। नवीन ने कहा है कि देश की जनता इनके कॉम्प्रोमाइज्ड मिशन को समझ चुकी है। आने वाले समय में देश की जनता इनको कड़ा जवाब देगी।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहते हुए गांधी-नेहरू परिवार ने देशहित से समझौता कर अपने निजी और राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दी। पंडित नेहरू से लेकर राहुल गांधी तक, कांग्रेस का वंशवाद केवल सत्ता का ही नहीं, बल्कि विदेशी प्रभाव, भ्रष्टाचार और राष्ट्रीय हितों से समझौते का एक अटूट सिलसिला बन चुका है। एक समय पंडित जवाहर लाल नेहरू ने स्वयं कहा था कि 45 करोड़ जनता उनके लिए बोझ (लायबिलिटी) है। एक प्रधानमंत्री के रूप में इस प्रकार का वक्तव्य देश की जनता के साथ बहुत बड़ा धोखा है। विदेशी ताकतों के साथ उनके कैसे संबंध रहे, यह पूरा देश जानता है। आज जो राहुल गांधी बब्बर शेर बन रहे हैं, वो किस तरह से विदेशी ताकतों की कठपुतली बनकर कार्य करते हैं, यह भी देश ने देखा है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि पंडित नेहरू का सचिवालय किस तरह सीआईए और अन्य विदेशी एजेंसियों के लिए खुली किताब की तरह कार्य करता था। 1954 में पंडित नेहरू ने बिना किसी प्रतिफल के तिब्बत में भारत के अधिकारों को चीन को सौंप दिया था। पंचशील समझौते की आड़ में अक्साई चीन पर चीन के कब्जे को भी स्वीकार कर लिया गया। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में चीन को स्थायी सदस्यता दिए जाने की वकालत की, यह भी देश ने देखा है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इसी तरह इंदिरा गांधी की सरकार के समय अमेरिकी राजदूत मोयनिहान ने यह स्वीकार किया था कि सीआईए द्वारा कांग्रेस को चुनाव प्रचार के लिए धन दिया गया था। शिमला समझौते में 93000 पाकिस्तानी सैनिकों को बिना पीओके पर कब्जा लिए बिना छोड़ देना, कच्चाथीवू द्वीप को उपहार स्वरूप श्रीलंका को सौंप देना भी इंदिरा गांधी के ‘कॉम्प्रोमाइज्ड मिशन’ की कहानी बताता है। राजीव गांधी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए नवीन ने कहा कि किस तरह से उन्होंने रक्षा सौदों को अपने निजी बैंक अकाउंट को भरने का माध्यम बनाया। बोफोर्स घोटाले में स्वीडिश जांच को प्रभावित करने तथा अपने सहयोगी ओतावियो क्वात्रोची को बचाने का प्रयास किया गया। भोपाल गैस त्रासदी के बाद हजारों भारतीयों के हत्यारे वॉरेन एंडरसन को सरकारी विमान से सुरक्षित देश से बाहर भेजना भी कांग्रेस के ‘कॉम्प्रोमाइज्ड मिशन’ को दर्शाता है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सोनिया गांधी वर्ष 2004 से 2014 के बीच नेशनल एडवाइजरी काउंसिल के माध्यम से ‘सुपर पीएम’ बनकर समानांतर रूप से सरकार और कैबिनेट का संचालन करके कांग्रेस के ‘कॉम्प्रोमाइज्ड पीएम’ के मिशन को पूरा कर रही थीं। इसी कालखंड में राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन की सरकार और जॉर्ज सोरोस के नेटवर्क से फंडिंग मिली। कांग्रेस बताए कि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के साथ कौन सा गुप्त समझौता किया गया? यह घटनाएं कांग्रेस के कॉम्प्रोमाइज्ड मिशन की झलक प्रस्तुत करती हैं। सुरक्षा एजेंसियों को नहीं दी यात्रा की जानकारी नवीन ने राहुल गांधी को देश में नेगेटिव पॉलिटिक्स का पोस्टर बॉय करार देते हुए कहा कि राहुल गांधी ने 247 से अधिक विदेशी यात्राएं कीं, लेकिन अधिकांश यात्राओं की जानकारी सुरक्षा एजेंसियों को नहीं दी गई। राहुल गाँधी का विदेश जाकर भारत विरोधी रुख रखने वाली इल्हान उमर तथा जॉर्ज सोरोस जैसे व्यक्तियों से मुलाकात करना और उनके इशारे पर देश के भीतर राजनीति करना किस मिशन के तहत हो रहा था? लद्दाख के संवेदनशील सीमा क्षेत्र में भी शाकिर मेराली जैसे विदेशी नागरिक के साथ घूमना, जिसकी सोरोस समर्थित पूंजीपतियों के साथ मिलीभगत थी, यह दिखाता है कि राहुल गांधी की पूरी राजनीति कॉम्प्रोमाइज्ड लीगेसी को ही आगे बढ़ाने वाली रही है और राहुल गांधी इस लीगेसी के अंतिम दूत बनकर सामने आए हैं। हमेशा राष्ट्रहित और राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी कांग्रेस पर करारा हमला करते हुए कहा कि देश के सामने यह स्पष्ट हो चुका है कि गांधी परिवार एक ‘कॉम्प्रोमाइज्ड राजनीतिक परिवार’ है, जिसने अपने पूरे राजनीतिक इतिहास में बार-बार राष्ट्रहित, जनहित और राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ समझौता किया है। विदेशी ताकतों के प्रभाव में जनहित और राष्ट्रहित को कॉम्प्रोमाइज करने वाली और देश को अपनी जागीर समझने वाली ‘कॉम्प्रोमाइज्ड कांग्रेस’ को देश की जनता मुंहतोड़ जवाब देगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने देश और दुनिया के सामने ओछी राजनीति का परिचय दिया है। राहुल गांधी, विदेशी शक्तियों के पपेट के रूप में कार्य कर रहे हैं और कॉम्प्रोमाइज्ड राहुल गांधी और गांधी परिवार का यह व्यवहार संसद में, संसद के बाहर और प्रेस कॉन्फ्रेंस में, हर जगह देखने को मिल जाता है। ......
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


