ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR नई दिल्लीभाजपा मुख्यालय पर होली-दिवाली एक साथ

भाजपा मुख्यालय पर होली-दिवाली एक साथ

गुजरात और हिमाचल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का दिल्ली में जोरदार जश्न मनाया गया। शुरुआती रुझान सामने आने के साथ ही राजधानी और आसपास के राज्यों से नेता व कार्यकर्ता पार्टी मुख्यायल अशोक रोड...

भाजपा मुख्यालय पर होली-दिवाली एक साथ
हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीMon, 18 Dec 2017 11:37 PM
ऐप पर पढ़ें

गुजरात और हिमाचल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का दिल्ली में जोरदार जश्न मनाया गया। शुरुआती रुझान सामने आने के साथ ही राजधानी और आसपास के राज्यों से नेता व कार्यकर्ता पार्टी मुख्यायल अशोक रोड पहुंचने लगे। यहां ढोल नगाड़ों, रंग व आतिशबाजी के बीच दिनभर जश्न का माहौल रहा। जश्न की वजह से अशोक रोड पर यातायात को बंद कर दिया गया था। जीत के खुमार से सराबोर दिल्ली के नेता व बड़ी संख्या में युवा और महिला कार्यकर्ता जमकर ढोल व नगाड़ों पर थिरके।

जमकर आतिशबाजी :

भाजपा कार्यालय पर पहुंचे कार्यकर्ताओं के जश्न में होली और दीपावली जैसा हर्ष एक साथ नजर आया। समर्थकों संग पार्टी मुख्यालय पहुंची महिला कार्यकर्ता आरती ने पार्टी के सहयोगियों के साथ रंग खेलकर जीत पर खुशी जाहिर की। पार्टी के कई कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहनकर पहुंचे थे। यहां रंग खेलकर उन्होंने अपनी खुशी जाहिर की। वहीं, दूसरी तरफ युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटआउट के साथ पहुंचे थे। इन्होंने जमकर आतिशबाजी की। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह करीब 3.30 बजे पार्टी मुख्यालय पहुंचे। यहां गुलाब की पंखुड़ियों से उनका स्वागत किया गया।

पंजाबी कलाकारों का भंगड़ा : भाजपा मुख्यालय पर चल रहे जश्न में शामिल होने के लिए विशेषतौर पर पंजाबी कलाकार पहुंचे हुए थे। पारंपरिक वेशभूषा पहनकर आए इन कलाकारों ने भंगड़े पर लोगों के साथ जमकर डांस किया। वहीं, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता भी डांडिया लेकर पार्टी कार्यालय पहुंचीं थीं। इन महिलाओं ने डांडिया खेल कर अपनी खुशी जाहिर की। पार्टी के दिल्ली प्रभारी के पार्टी ऑफिस पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। प्रदेश महामंत्री जय प्रकाश ने कार्यकर्ताओं को मिठाइयां खिलाकर जीत पर खुशी का इजहार किया।

दीवार पर तांता : भाजपा की जीत के जश्न में आने वाले लोग एक यादगार फोटोग्राफ ले सकें। इसके लिए 10 अशोका रोड पर एक सेल्फी दीवार बनाई गई थी। यहां केंद्रीय मंत्री विजय गोयल कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन के लिए मौजूद थे। इस दीवार पर बड़ी संख्या में भाजपा के युवा कार्यकर्ता व महिला कार्यकर्ता जीत के इस जश्न की यादगार फोटो लेते नजर आए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें