
भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने नवादा और शेखपुरा जिले में दुर्लभ मृदा तत्वों की खोज का मुद्दा उठाया
बिहार के नवादा से भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने संसद में दुर्लभ मृदा तत्वों की खोज के संबंध में सवाल उठाया। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहन, नवीकरणीय ऊर्जा और रक्षा क्षेत्रों में इन सामग्रियों के महत्व को बताया। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि खोज कार्य 2026 में पूरा होने की उम्मीद है, जिससे बिहार में विकास और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
नई दिल्ली, एजेंसी। बिहार के नवादा संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने बुधवार को संसद में बिहार के नवादा-शेखपुरा एवं आसपास के जिलों में दुर्लभ मृदा तत्वों (आरईई) की खोज के संबंध में एक महत्वपूर्ण सवाल उठाया। सांसद विवेक ठाकुर ने इलेक्ट्रिक वाहन, अर्द्धचालक, नवीकरणीय ऊर्जा तथा रक्षा क्षेत्रों में दुर्लभ मृदा सामग्रियों के सामरिक महत्व को रेखांकित किया। नवादा के सांसद ने ग्रेनाइट पैग्मेटाइट और अभ्रक की चट्टानों वाले छोटानागपुर पठार क्षेत्र की भूवैज्ञानिक क्षमता पर जोर दिया। ये दुर्लभ मृदा तत्व के प्रमुख स्रोत हैं। इस पठार क्षेत्र में बिहार के नवादा, शेखपुरा, जमुई, नालंदा एवं गया आदि जिले शामिल हैं।
सांसद ने केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से यह सवाल किया। इस पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सदन को सूचित किया कि परमाणु खनिज निदेशालय (एएमडी) के अधीन जी-4 स्तर के भूवैज्ञानिक एवं विकिरणमापी सर्वेक्षण कार्य वर्तमान में नवादा में चल रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि खोज कार्य छह महीने में, सितंबर-अक्तूबर 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने इस आश्वासन का स्वागत किया और विश्वास व्यक्त किया कि समय पर खोज कार्य पूरा होने से भारत की महत्वपूर्ण खनिज सुरक्षा मजबूत होगी। साथ ही बिहार और विशेषकर नवादा में विकास एवं रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




