बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। इस समारोह में कई केंद्रीय मंत्री और अन्य नेता उपस्थित थे। शपथ लेने के साथ ही बिहार में नए मुख्यमंत्री का रास्ता साफ हो गया है। वह जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने अपने कक्ष में एक संक्षिप्त समारोह के दौरान उन्हें शपथ दिलाई। सभापति ने बाद में उन्हें उच्च सदन का सदस्य बनने और संसद में वापसी पर शुभकामनाएं भी दीं। नीतीश के शपथ लेने के साथ ही बिहार में नए मुख्यमंत्री का रास्ता साफ हो गया है। नीतीश कुमार ने हिंदी में शपथ ली। इस दौरान केंद्रीय मंत्री एवं सदन के नेता जे.पी. नड्डा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर और विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी मौजूद थे।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित थे।जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, राज्यसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक जयराम रमेश, भाजपा के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी तथा लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक संजय जायसवाल भी शपथ ग्रहण के दौरान मौजूद थे। शपथ ग्रहण के बाद कुमार नये संसद भवन से बाहर आए और उस समय के बारे में बात की, जब वह लोकसभा के सदस्य थे और पुराने संसद भवन में बैठते थे। नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य की भूमिका संभालने के साथ ही बिहार में उनके करीब दो दशक लंबे शासन का अंत होने जा रहा है। वह जल्द मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। एनडीए के 14 अप्रैल को बिहार का नया मुख्यमंत्री चुनने की संभावना है।नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद 30 मार्च को राज्य विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं। वह 16 मार्च को संसद के उच्च सदन के लिए निर्वाचित हुए थे और इसके बाद 14 दिन की अवधि के भीतर उन्हें विधान परिषद का सदस्य पद छोड़ना था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


