विदेश ::: बांग्लादेश में आध्यात्मिक गुरु की पीट-पीटकर हत्या
बांग्लादेश में धार्मिक तनाव के बीच एक आध्यात्मिक गुरु शमीम रेजा जहांगीर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना तब हुई जब उनका एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने कुरान को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। भीड़ ने उन पर हमला किया, और अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

ढाका। बांग्लादेश में धार्मिक तनाव के बीच भीड़ हिंसा की एक और घटना सामने आई है, जहां ईश निंदा के आरोप में आध्यात्मिक गुरु की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। अधिकारियों के अनुसार कुश्तिया जिले में सैकड़ों लोगों की भीड़ ने 60 वर्षीय शमीम रेजा जहांगीर के घर पर धावा बोल दिया और उन्हें लाठियों से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को उनका एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कुरान को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
इससे नाराज होकर करीब 200 से अधिक लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया। स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तौहीद बिन हसन के अनुसार पुलिस को पहले से आशंका थी और मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने की कोशिश भी की गई, लेकिन भीड़ को रोकना मुश्किल हो गया। बता दें कि 2024 में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद देश में धार्मिक असहिष्णुता और भीड़ हिंसा की घटनाओं में तेजी आई है। पुलिस के मुताबिक जहांगीर को 2021 में भी इसी तरह की विवादित टिप्पणियों के कारण गिरफ्तार किया गया था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


