बांग्लादेश: नौ फरवरी को हसीना पर लगे राजद्रोह मामले की सुनवाई
- 286 लोगों को मामले में बनाया गया आरोपी ढाका, एजेंसी। बांग्लादेश

बांग्लादेश की एक अदालत ने बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और 285 अन्य लोगों के खिलाफ राजद्रोह के मामले में आरोप तय करने के लिए अगली सुनवाई की तारीख नौ फरवरी निर्धारित की। यह मामला उन आरोपों से जुड़ा है कि दिसंबर 2024 में हसीना और अवामी लीग के सैकड़ों सदस्यों ने जॉय बांग्ला ब्रिगेड नामक समूह की ऑनलाइन बैठक में हिस्सा लिया था, जहां मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार को गिराने की कथित तौर पर साजिश रची गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ढाका की विशेष अदालत के न्यायाधीश मोहम्मद अब्दुस सलाम ने इस संबंध में बचाव पक्ष की अलग-अलग याचिकाओं को मंजूरी देते हुए आदेश पारित किया।
मामले के 286 आरोपियों में से हसीना समेत 259 आरोपी फरार हैं और उन पर उनकी अनुपस्थिति में मुकदमा चल रहा है। पिछले साल 14 अक्टूबर को अदालत ने अखबारों में नोटिस प्रकाशित करने का आदेश दिया था, जिसमें हसीना समेत फरार आरोपियों को अदालत में पेश होने के लिए कहा गया था। गृहयुद्ध छेड़ने का संकल्प आरोप है कि 19 दिसंबर 2024 को जॉय बांग्ला ब्रिगेड की बैठक आयोजित की गई थी, जहां प्रतिभागियों ने हसीना को फिर से देश की प्रधानमंत्री बनाने के लिए कथित तौर पर गृहयुद्ध छेड़ने का संकल्प जताया था। देश और विदेश में कुल 577 व्यक्तियों ने इस ऑनलाइन बैठक में भाग लिया और निर्देशों का पालन करने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। सीआईडी की जांच में पाया गया कि अमेरिकी अवामी लीग के नेता डॉ. रब्बी आलम द्वारा आयोजित ऑनलाइन बैठक में वैध सरकार का विरोध करने और राष्ट्र के खिलाफ विद्रोह भड़काने के उद्देश्य से चर्चाएं शामिल थीं। सीआईडी के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मोहम्मद इनामुल हक ने 27 मार्च, 2025 को हसीना और 72 अन्य लोगों के खिलाफ राजद्रोह का मामला अदालत में दायर किया। जांच के बाद सीआईडी ने 14 अगस्त को हसीना समेत 286 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। अदालत ने आरोप पत्र स्वीकार कर लिया और सभी आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



