Delhi News: करीब 10 करोड़ रुपये के सोने की तस्करी में आठ आरोपियों को जमानत
Delhi News: पटियाला हाउस कोर्ट ने करीब दस करोड़ रुपये के सोना तस्करी मामले में आठ आरोपियों को जमानत दे दी है।

Delhi News: नई दिल्ली। पटियाला हाउस कोर्ट ने करीब दस करोड़ रुपये के सोना तस्करी मामले में आठ आरोपियों को जमानत दे दी है। अदालत ने कहा कि फिलहाल किसी भी आरोपी से सोने की व्यक्तिगत बरामदगी नहीं हुई है और ऐसा कोई स्वतंत्र सबूत भी सामने नहीं आया है, जो बरामद सोने को सीधे तौर पर किसी आरोपी से जोड़ता हो। कोर्ट ने कहा कि जमानत नियम है और जेल अपवाद। जमानत का मकसद ट्रायल में पेशी सुनिश्चित करना है, सजा देना नहीं। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मृदुल गुप्ता की कोर्ट ने आठ आरोपियों की जमानत अर्जियां मंजूर कीं। सभी को 50-50 हजार रुपये के निजी मुचलके और समान राशि के एक-एक जमानती पर रिहा करने का आदेश दिया गया।
कस्टम विभाग के अनुसार, आरोपी 21 सितंबर को दुबई से दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचे थे। ग्रीन चैनल पार करने के बाद उन्हें रोका गया। विभाग का दावा है कि विमान से तीन पाउच में 23 सोने की चेन बरामद हुईं, जिनका वजन 6.495 किलोग्राम और कीमत करीब 9.90 करोड़ रुपये थी। कस्टम का आरोप है कि दुबई में सुरक्षा जांच से पहले सोना आरोपियों के बीच बांटा गया और बाद में वापस एकत्र किया गया। बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता प्रदीप राणा ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि किसी आरोपी के शरीर, सामान या कब्जे से सोना नहीं मिला। एक आरोपी के घर की तलाशी में भी कथित तस्करी वाले सोने से जुड़ी कोई वस्तु नहीं मिली। बचाव पक्ष ने आरोप लगाया कि आरोपियों को औपचारिक गिरफ्तारी से पहले ही हिरासत में रखा गया और उनके साथ मारपीट व अमानवीय व्यवहार किया गया। मेडिकल रिपोर्ट में चोट, सूजन और नील के निशान का हवाला देते हुए कहा गया कि कस्टम कानून की धारा 108 के तहत दर्ज बयान स्वेच्छा से नहीं दिए गए। आरोपियों ने कुछ पहले से लिखे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने का भी आरोप लगाया। अदालत ने यह भी ध्यान दिया कि सभी आरोपी 23 सितंबर से न्यायिक हिरासत में थे और उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। उनके फरार होने या जांच में पहले हस्तक्षेप करने की संभावना का भी कोई विशेष सबूत नहीं मिला।

