देशभर के हवाई अड्डों से 100 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द

Mar 02, 2026 05:58 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

पश्चिम एशिया में तनाव के कारण भारत के कई हवाई अड्डों से 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। दिल्ली में 87, कोलकाता में 20 और ओडिशा से एक उड़ान रद्द हुई। आकासा एयर ने अपनी उड़ानों को तीन मार्च तक के लिए निलंबित कर दिया है। एयरलाइंस ने रिफंड और रीशेड्यूलिंग की सुविधाएं भी प्रदान की हैं।

देशभर के हवाई अड्डों से 100 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द

- पश्चिम एशिया में तनाव के कारण लगातार तीसरे तीन विमानन परिचालन बाधित रहा नई दिल्ली, एजेंसी। अमेरिका-इजरायल और ईरान संघर्ष के कारण सोमवार को देशभर के कई हवाई अड्डों से 100 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। दिल्ली हवाई अड्डे से 87, कोलकाता हवाई अड्डे से 20 और ओडिशा से एक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द हुई। क्षेत्र में तनाव के कारण लगातार तीसरे दिन विमानन परिचालन बाधित रहा। दिल्ली हवाई अड्डे पर कम से कम 87 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। विमानन कंपनी आकासा एयर ने भी अबू धाबी, दोहा, जेद्दा, कुवैत और रियाद को जोड़ने वाली अपनी उड़ानों की निलंबन अवधि तीन मार्च तक बढ़ा दी है।

एक आधिकारी के अनुसार इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) पर कुल 37 प्रस्थान और 50 आगमन वाली उड़ानें रद्द की गई हैं। भारतीय एयरलाइंस ने पिछले दो दिनों में कुल 760 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की हैं। 'दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) द्वारा संचालित यह हवाई अड्डा देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा है। यहां से प्रतिदिन 1,300 से अधिक उड़ानों का आवागमन होता है। उधर, कोलकाता से 20 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों के अनुसार पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी स्थिति और उससे जुड़ी परिचालन बाधाओं के कारण विभिन्न अंतरराष्ट्रीय विमानन कंपनियों की कई उड़ानें दिन भर के लिए रद्द कर दी गईं हैं। इसमें एमिरेट्स की चार आगमन और चार प्रस्थान करने वाली उड़ानें, कतर एयरवेज और एतिहाद एयरवेज की दो-दो आगमन और दो-दो प्रस्थान उड़ानें, एयर अरबिया की एक आगमन और एक प्रस्थान उड़ान और फ्लाईदुबई की एक आगमन और एक प्रस्थान उड़ान शामिल हैं, जिनकी सेवा रद्द कर दी गई है। वहीं, इंडिगो की भुवनेश्वर से दुबई जाने वाली उड़ान रद्द कर दी गई। बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (बीपीआईए) के निदेशक प्रसन्ना प्रधान ने कहा कि सोमवार को दुबई जाने वाली इंडिगो की उड़ान को एयरलाइन द्वारा रद्द कर दिया गया और यात्रियों को इसकी सूचना पहले ही दे दी गई थी। इंडिगो भुवनेश्वर से दुबई के लिए सप्ताह में तीन बार- सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उड़ान संचालित करती है। सोमवार की उड़ान के लिए लगभग 120 यात्रियों ने बुकिंग कराई थी। आकासा एयर की सभी उड़ानें आज तक के लिए निलंबित आकासा एयर ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पश्चिम एशिया में मौजूदा स्थिति के कारण अबू धाबी, दोहा, जेद्दा, कुवैत और रियाद से आने-जाने वाली आकासा एयर की सभी उड़ानें तीन मार्च तक के लिए निलंबित कर दी गई हैं। कंपनी ने कहा कि हमारी टीम सुरक्षा स्थिति पर बारीकी से नजर रखना जारी रखेंगी और आवश्यकतानुसार परिचालन में बदलाव करेंगी। विमानन कंपनियों ने रिफंड-रीशेड्यूलिंग की सुविधा दी मध्य पूर्व में जारी क्षेत्रीय तनाव के बीच प्रमुख एयरलाइंस ने एहतियातन अपनी सेवाएं निलंबित या सीमित कर दी हैं। इंडिगो, अकासा एयर, कतर एयरवेज और एमिरेट्स ने यात्रियों के लिए रिफंड और रीशेड्यूलिंग की सुविधा की घोषणा की है। इंडिगो ने सोमवार को एक्स पर जारी यात्रा परामर्श में कहा कि वह क्षेत्रीय परिस्थितियों और उनके उड़ान संचालन पर संभावित प्रभाव का लगातार मूल्यांकन कर रही है। ताजा परिचालन इनपुट की समीक्षा के बाद एयरलाइन ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के अस्थायी निलंबन को बढ़ा दिया है। वहीं, अन्य एयरलाइंस ने भी सुरक्षा कारणों से उड़ानों में बदलाव करते हुए प्रभावित यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क तारीख बदलने या पूर्ण रिफंड लेने का विकल्प दिया है। एयरलाइंस ने दोहराया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनके लिए सर्वोपरि है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।