खेल : उदित और ब्यूटी के डबल से बेटियों ने थाईलैंड को धोया

खेल : उदित और ब्यूटी के डबल से बेटियों ने थाईलैंड को धोया

संक्षेप:

भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशिया कप में थाईलैंड को 11-0 से हराकर शानदार शुरुआत की। उदिता दुहान और ब्यूटी डुंग डुंग ने दो-दो गोल किए। भारत की यह लगातार आठवीं जीत है। अगले मैच में टीम को जापान की चुनौती...

Sep 05, 2025 04:01 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

एशिया कप : भारतीय महिला हॉकी टीम ने 11-0 की धमाकेदार जीत के साथ किया आगाज, आज जापान की कड़ी चुनौती से पाना होगा पार हांगझोउ (चीन), एजेंसी। बेटियों ने एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में धमाकेदार आगाज किया। उदिता दुहान और ब्यूटी डुंग डुंग के दो-दो गोल के दम पर भारतीय महिला टीम ने शुक्रवार को थाईलैंड को एकतरफा मुकाबलों में 11-0 से धो दिया। भारतीय टीम ने थाईलैंड को कोई मौका नहीं दिया। सलीमा टेटे की भारतीय टीम को शानिवार को जापान की कड़ी चुनौती से पार पाना होगा। इस टूर्नामेंट की विजेता टीम को अगले साल बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले विश्व कप का टिकट मिलेगा।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

भारतीय टीम ने पहले हाफ पांच और दूसरे में दे दना दन छह गोल दागे। यह भारत की थाईलैंड पर लगातार आठवीं जीत है। पिछले साल एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में 13-0 से जीत दर्ज की थी। उदिता (30वें, 52वें मिनट) ने पेनाल्टी कॉर्नर पर जबकि डुंग डुंग (45वें, 54वें मिनट) में गोल किए। इनके अलावा मुमताज खान (7वें मिनट), संगीता कुमारी (10वें मिनट), नवनीत कौर (16वें मिनट), लालरेम्सियामी (18वें मिनट), थौदाम सुमन देवी (49वें मिनट), शर्मिला देवी (57वें मिनट) और रुतुजा दादासो पिसल (60वें मिनट) ने एक-एक गोल किया। दुनिया की नौवें नंबर की भारतीय टीम ने शुरू से ही दबदबा बना दिया था। पहले क्वार्टर में मुमताज और संगीता के दो मैदानी गोल किए। दूसरे क्वार्टर में भारत ने अधिक हमलावर तेवर दिखाए और तीन गोल दागकर अपनी बढ़त और मजबूत कर दी। अनुभवी फॉरवर्ड नवनीत और मिडफील्डर लालरेम्सियामी ने एक-एक मैदानी गोल किया। इसके बाद मध्यांतर से ठीक पहले उदिता ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागा। दूसरे हाफ में भी यही स्थिति रही। भारत ने थाईलैंड के सर्कल के अंदर लगातार हमले जारी रखे। भारत को तीसरे क्वार्टर में चार पेनाल्टी कॉर्नर मिले जिनमें से डुंग डुंग ने 45वें मिनट में एक को गोल में बदला। भारत ने आखिरी क्वार्टर में पांच गोल करके अपनी बड़ी जीत सुनिश्चित की। मुमताज, उदिता और शर्मिला ने पेनाल्टी कॉर्नर पर जबकि डुंग डुंग और रुतुजा ने मैदानी गोल किए। थाईलैंड की टीम भारत के आगे बेबस नजर आई। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वह एक भी पेनाल्टी कॉर्नर हासिल नहीं कर पाई। --------------- नंबर गेम -9 पेनाल्टी कॉर्नर में से भारत ने पांच को गोल में तब्दील किया -8वीं लगातार जीत भारतीय टीम ने थाईलैंड पर दर्ज की है