भाजपा के 20 राज्यों में दिल्ली जैसी सुविधा नहीं : केजरीवाल
::दावा:: मनीष सिसोदिया के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी पार्टी पर जमकर

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को जंगपुरा में जनसभा को संबोधित किया। मनीष सिसोदिया के समर्थन में आयोजित इस सभा में आप प्रमुख ने कहा कि अगर भाजपा दिल्ली की सत्ता में आई तो मुफ्त में मिलने वाली सभी सुविधाओं को बंद कर देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की 20 राज्यों में सरकारें हैं, लेकिन कहीं भी दिल्ली जैसी सुविधाएं नहीं मिलती है। इसलिए पांच फरवरी को सोच समझकर मतदान करें। केजरीवाल ने कहा कि जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र ने बीते 10 वर्षों में आम आदमी पार्टी को बहुत प्यार दिया है। इसलिए उन्होंने अपने सबसे प्यारे साथी मनीष सिसोदिया को यहां चुनाव लड़ने के लिए भेजा है। यहां 10 साल में दिल्ली सरकार ने खूब काम किया है। जो बचे हुए कार्य हैं, उसे भी जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आप सरकार ने 24 घंटे बिजली की व्यवस्था कर दी है। अब किसी के घर में इन्वर्टर या जरनेटर नहीं दिखता है।
दिल्ली जैसी शिक्षा व्यवस्था नहीं मिलती
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करने के लिए उन्होंने मनीष के साथ दिन-रात काम किया है। भाजपा के 20 राज्यों में से किसी भी जगह जाकर लोग देख सकते हैं। उनकी शिक्षा व्यवस्था खस्ताहाल है। पूर्व सीएम ने कहा कि अगर लोग चाहते हैं कि उनके बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर बनें तो झाडू का बटन दबाएं और अगर स्कूल बंद कराने हों तो भाजपा का बटन दबाएं।
महिलाओं को 2100 रुपये देंगे
केजरीवाल ने कहा कि सरकार बनने के बाद एक सप्ताह के भीतर महिलाओं को 2100-2100 रुपये दिए जाएंगे। राजेन्द्र नगर में 24 घंटे पीने के पानी की सप्लाई शुरू हो गई है। अगले दो वर्षों में 24 घंटे पीने के पानी की व्यवस्था की जाएगी। छात्रों के लिए बसों में मुफ्त यात्रा और मेट्रो में आधे किराए पर यात्रा का बंदोबस्त किया जाएगा। लोगों के गलत पानी के बिल माफ किए जाएंगे। पुजारियों एवं ग्रंथियों को 18 हजार रुपये महीना दिया जाएगा।
तेजी से होंगे काम
मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में सभी जगह चर्चा है कि अरविंद केजरीवाल की सरकार बन रही है। खुद भाजपा नेता भी यह बात मान रहे हैं। केजरीवाल सरकार में वह एक बार फिर उप मुख्यमंत्री बनेंगे। जंगपुरा का विधायक अगर उप मुख्यमंत्री होगा तो यहां के लोगों को अपने काम करवाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। अधिकारियों की हिम्मत नहीं होगी कि वह उनका काम लटका दें। मनीष ने कहा कि इस इलाके में जो सड़कें, पानी की पाइपलाइन एवं सीवर लाइनें टूटी हैं, उसे अगले कुछ महीनों में वह ठीक करवा देंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।