
चार दिन से पेयजल के लिए तरस रहे लोग
ट्रांस हिंडन के शालीमार गार्डन में पिछले चार दिनों से पेयजल संकट चल रहा है। डबल टंकी पार्क में पाइप टूटने से 30 हजार से अधिक लोग परेशान हैं। स्थानीय महिलाएं जल संकट को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं। जलकल विभाग के अधिकारियों ने जल्द मरम्मत करने का आश्वासन दिया।
- गुस्साई महिलाओं ने पार्क में गुस्सा जाहिर किया ट्रांस हिंडन, संवाददाता। ट्रांस हिंडन क्षेत्र के शालीमार गार्डन में पिछले चार दिनों से पेयजल संकट गहराया हुआ है। डबल टंकी पार्क में टंकी की मुख्य पेयजल लाइन टूट जाने के कारण गणेशपुरी, जनकपुरी व श्याम एंक्लेव के करीब 30 हजार से अधिक लोग पानी के लिए परेशान हैं। तीन दिन से मरम्मत कार्य जारी है, लेकिन अब तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप होने से मंगलवार को लोगों में गुस्सा उभर गया। मंगलवार को स्थानीय लोग डबल टंकी पार्क में पहुंचे और जलकल विभाग की सुस्ती पर गुस्सा जाहिर किया।

लोगों का कहना है कि जलकल विभाग कि लापरवाही के चलते रोजाना पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। इससे खर्च बढ़ गया है। स्थानीय निवासी अशोक शाह ने बताया कि सी ब्लॉक एक्सटेंशन-2 में पानी की टंकी को गिराने से पानी की पाइप टूट गई है। जिसके कारण चार दिन से पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि चार दिन से जारी जल संकट को लेकर शालीमार गार्डन, गणेशपुरी, जनकपुरी व श्याम एंक्लेव की महिलाएं घरों से निकलकर पानी की टंकी पर पहुंचीं और अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता सोमेंद्र तोमर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जल्द मरम्मत पूरी कर पानी की सप्लाई बहाल कर लोगों को शांत किया। इस मौके पर सविता प्रजापति, सविता बन्नो, आशा, लता शर्मा व वीपी सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


