
दोबारा चुने गए 102 सांसदों की औसत संपत्ति 110 फीसदी बढ़ी: एडीआर
2014 से 2024 के बीच दोबारा चुने गए 102 सांसदों की संपत्ति में औसतन 100 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, उदयनराजे भोंसले की संपत्ति 268% बढ़ी है। अन्य सांसदों जैसे पूनमबेन माडम और हेमा मालिनी की संपत्तियों में भी महत्वपूर्ण बढ़ोतरी हुई है।
2014 से 2024 के बीच दोबारा चुने गए सांसदों की संपत्ति का विश्लेषण नई दिल्ली, एजेंसी। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट के अनुसार 2014 और 2024 के बीच लोकसभा के लिए दोबारा चुने गए 102 सांसदों की संपत्ति में औसतन 100 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। जिन शीर्ष दस सांसदों की संपत्ति में सबसे अधिक वृद्धि हुई है, उनमें भाजपा के उदयनराजे भोंसले, पूनमबेन माडम, हेमा मालिनी, निशिकांत दुबे, वाईएसआरसीपी के पीवी मिथुन रेड्डी, शिरोमणि अकाली दल की हरसिमरत कौर बादल, तृणमूल कांग्रेस के शत्रुघ्न सिन्हा और एनसीपीएसपी की सुप्रिया सुले शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार 2014 से 2024 के लोकसभा चुनावों के बीच 102 दोबारा चुने गए सांसदों की औसत संपत्ति में 17.36 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है, जो लगभग 110 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।
भोंसले की संपत्ति 268 फीसदी बढ़ी उदयनराजे भोंसले, की संपत्ति में 268 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वे 2014 और 2019 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से और 2024 में महाराष्ट्र के सतारा से भाजपा से सांसद चुने गए थे। 2014 में, उनके पास 60 करोड़ रुपये की संपत्ति थी, जो 2019 में बढ़कर 199 करोड़ रुपये हो गई, और 2024 में बढ़कर 223 करोड़ रुपये हो गई, यानी कुल 162 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। माडम की संपत्ति में सबसे अधिक इजाफा गुजरात के जामनगर से भाजपा सांसद माडम की संपत्ति में 130 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई, 2024 में उनकी संपत्ति 147 करोड़ रुपये थी, जो 2014 की तुलना में 747 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। 2014 में सिर्फ 17 करोड़ संपत्ति थी। राजमपेट निर्वाचन क्षेत्र से वाईएसआरसीपी के पी वी मिथुन रेड्डी की संपत्ति 124.25 करोड़ रुपये बढ़ी है। अभिनेत्री से नेता बनीं हेमा मालिनी की संपत्ति 100 करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ी। 2014 में 178 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024 में 278 करोड़ रुपये हो गई। भाजपा के गुरुग्राम से सांसद राव इंद्रजीत सिंह की संपत्ति 96 करोड़ रुपये बढ़ी। 2014 में 25 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024 में 121 करोड़ रुपये हो गई, यानी 385 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। शत्रुघ्न सिन्हा 2014 में बीजेपी सांसद थे और बाद में टीएमसी में शामिल हो गए, उनकी संपत्ति में 78 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हरसिमरत कौर बादल की संपत्ति 2014 में 108 करोड़ रुपये से बढ़कर 2019 में 217 करोड़ रुपये हो गई। गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे की संपत्ति 2014 में 15 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024 में 74 करोड़ रुपये हो गई, जबकि बारामती की सांसद सुप्रिया सुले की संपत्ति 113 करोड़ रुपये से बढ़कर 166 करोड़ रुपये हो गई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




