बंगाल का बंटवारा किए बिना गोरखा मुद्दे का हल निकालेंगे : शाह
-केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में जनसभा को संबोधित किया -आज जनता

गंगारामपुर (प.बंगाल), एजेंसी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल का विभाजन किए बिना संवैधानिक तरीके से दार्जिलिंग पहाड़ियों में निवास करने वाले गोरखा समुदाय के मुद्दे का समाधान करेगी। केंद्रीय गृह मंत्री ने उत्तरी बंगाल के गंगारामपुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी के ‘एजेंट’ हैं और वह उनकी सहमति से बाबरी मस्जिद की तर्ज पर मुर्शिदाबाद में मस्जिद का निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा मस्जिद निर्माण की अनुमति नहीं देगी।शाह
ने वादा किया कि पश्चिम बंगाल से अन्य राज्यों को आलू की आपूर्ति करने की अनुमति दी जाएगी, ताकि यहां के किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिल सके। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा और सिंडिकेट राज का खात्मा किया जाएगा। साथ ही घुसपैठियों को बाहर निकाला जाएगा। शाह ने पार्टी के घोषणापत्र में किए गए वादों को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि उत्तरी बंगाल में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), 600 बिस्तर के कैंसर अस्पताल, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईएमएम) और खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजबंशी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया जाएगा और दार्जिलिंग में एक पारिस्थितिकी अनुकूल रोमांचक खेल केंद्र की स्थापना की जाएगी।वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री ने कालियागंज में भाजपा के उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो किया। चिलचिलाती धूप के बीच रोड शो पार्वती सुंदरी हाई स्कूल मैदान से शुरू हुआ और एक किमी से अधिक की दूरी तय की। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। लोग संकरी सड़कों के दोनों ओर और आसपास की इमारतों के ऊपर मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


