सत्ता संग्राम:::पश्चिम बंगाल की जनता बमों का जवाब वोटों से देगी : : शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में चुनावी रैलियों में कहा कि राज्य की जनता बमों का जवाब वोटों से देगी। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार आने पर विकास का नया दौर शुरू होगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बीरभूम/रानीगंज, एजेंसी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता बमों का जवाब वोटों से देगी। शाह ने कहा कि चार मई के बाद राज्य में एक ‘डबल-इंजन’ वाली सरकार बनने जा रही है और विकास का एक नया दौर शुरू होने वाला है। उन्होंने वादा किया कि जब मतदाता तृणमूल सरकार को विदा करेंगे तो भाजपा सिंडिकेट और रिश्वतखोरी को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। शाह ने बीरभूम जिले के मयूरेश्वर और खैरासोल क्षेत्रों तथा पश्चिम बर्धमान के रानीगंज में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार बनाएगी, क्योंकि राज्य की जनता ने तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी को टाटा-बाय-बाय कहने का मन बना लिया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि तृणमूल से संरक्षण पाए अपराधियों ने लंबे समय से बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया है। उन्होंने कहा कि पांच मई के बाद भाजपा कार्यकर्ता उन अपराधियों को उनके गढ़ से खींचकर निकालेंगे और न्याय के कटघरे में लाएंगे।शाह ने कहा कि मैं तृणमूल के गुंडों को सलाह देता हूं कि वे 23 अप्रैल (मतदान के पहले चरण) को अपने घरों में ही रहें, अन्यथा हम उन्हें चार मई को एक-एक करके उठाएंगे और जेल में डाल देंगे। बीरभूम में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को होगी।अपनी पार्टी के चुनाव घोषणापत्र का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि सत्ता में आने के बाद भाजपा बंगाल में निवेश को बढ़ावा देने के लिए पांच औद्योगिक संपदाएं बनाएगी। शाह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य के बहुसंख्यक समुदाय को डराने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने ॉकहा कि यह चुनाव राज्य और देश से घुसपैठियों को बाहर निकालने का है। शाह ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में मुर्शिदाबाद में दंगे हुए, राम नवमी शोभायात्रा पर हमले किए गए और कुछ स्थानों पर सरस्वती पूजा की अनुमति नहीं दी गई।कांग्रेस और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी पर 550 वर्षों तक राम लला को तम्बू में रखने का समर्थन करने का आरोप लगाते हुए शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर बनवाया। उन्होंने कहा कि हुमायूं कबीर ममता बनर्जी का मोहरा है। वह बंगाल में बाबरी मस्जिद बनवाना चाहते हैं, लेकिन भाजपा यह कभी होने नहीं देगी।केंद्रीय गृह मंत्री ने अवैध प्रवास के मुद्दे पर ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या मुख्यमंत्री या उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी घुसपैठियों को बाहर निकाल सकते हैं? उन्होंने तो सीमा पर तारबंदी के लिए जमीन तक आवंटित नहीं की। शाह ने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में सत्ता संभालने के 45 दिनों के भीतर बांग्लादेश के साथ भारत की सीमाओं पर बाड़ लगाने के लिए भूमि आवंटन का काम पूरा कर लेगी। उन्होंने कहा कि सिर्फ बंगाल से ही नहीं, हम पूरे देश से एक-एक करके घुसपैठियों को पकड़ेंगे और उन्हें बाहर निकालेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


