
आतंक मुक्त जम्मू-कश्मीर का लक्ष्य जल्द हासिल करें: शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में जम्मू-कश्मीर पर उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने आतंक मुक्त जम्मू-कश्मीर के लक्ष्य को जल्द हासिल करने की आवश्यकता पर जोर दिया और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराया। सुरक्षा एजेंसियों को सहयोग करने और उपलब्धियों को बनाए रखने के लिए निर्देश दिए गए।
नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को नई दिल्ली में जम्मू-कश्मीर पर एक उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इसमें उन्होंने कहा कि आतंक मुक्त जम्मू-कश्मीर का लक्ष्य जल्द हासिल किया जाना चाहिए। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार, जम्मू-कश्मीर में चिरस्थायी शांति स्थापित करने और आतंकवाद का पूरी तरह सफाया करने के लिए कटिबद्ध है। आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को दोहराते हुए शाह ने कहा कि मोदी सरकार के निरंतर और समन्वित प्रयासों के कारण जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद का ईकोसिस्टम ध्वस्त हो गया है।
गृह मंत्री ने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में सुरक्षा एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आतंकवादी ढांचे और आतंकवादियों की फंडिंग को निशाना बनाकर आतंक रोधी अभियानों को मिशन मोड में जारी रखा जाना चाहिए। बैठक में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय गृह सचिव, आसूचना ब्यूरो (आईबी) के निदेशक, जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के प्रमुख तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। केंद्रीय गृह मंत्री ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को चौकसी बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी एजेंसियों के बीच तालमेल के साथ काम करते हुए अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के बाद हासिल हुई उपलब्धियों को बरकरार रखने और ‘आतंक मुक्त जम्मू-कश्मीर’ के लक्ष्य को जल्द प्राप्त करने के लिए काम करने को कहा। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस प्रयास में सभी आवश्यक संसाधन मुहैया कराए जाएंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




