बंगाल में एआईएमआईएम ने हुमायूं कबीर से नाता तोड़ा
कोलकाता में हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम का गठबंधन टूट गया है। एआईएमआईएम ने कबीर पर भाजपा के साथ सौदेबाजी के आरोप लगने के बाद यह निर्णय लिया। कबीर ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका आंदोलन किसी बड़ी पार्टी पर निर्भर नहीं है।

कोलकाता, एजेंसी। हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम के बीच बंगाल चुनाव के लिए हुआ गठबंधन टूट गया। एआईएमआईएम ने यह घोषणा उस वीडियो के वायरल होने पर की, जिसमें कबीर पर कथित तौर पर भाजपा के साथ करोड़ों की सौदेबाजी के आरोप लगे हैं। वहीं, ओवैसी के ऐलान के बाद कबीर ने इससे कोई असर नहीं होने का दावा किया है। उन्होंने आरोपों को भी खारिज किया। गुरुवार को टीएमसी द्वारा वीडियो जारी करने के बाद शुक्रवार को एआईएमआईएम ने एक्स पर एक पोस्ट में गठबंधन तोड़ने का ऐलान किया। पार्टी ने लिखा, ‘पार्टी पश्चिम बंगाल चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेगी।
हुमायूं कबीर के खुलासों से पता चलता है कि बंगाल के मुसलमान कितने असुरक्षित हैं। एआईएमआईएम ऐसे किसी भी बयान से खुद को नहीं जोड़ सकती, जिससे मुसलमानों की ईमानदारी पर सवाल उठे।’ उधर, हुमायूं कबीर ने वीडियो को एआई से बनाया गया करार दिया। कहा, ‘मैंने किसी से कोई समझौता नहीं किया है। अगर टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी आरोप साबित नहीं कर सके तो मैं कोर्ट जाऊंगा।’ कबीर ने कहा कि उनकी पार्टी 182 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। गठबंधन टूटने पर उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन किसी बड़ी पार्टी पर निर्भर नहीं है। बता दें कि ओवैसी और कबीर ने 25 मार्च को कोलकाता में गठबंधन का ऐलान किया था।टीएमसी ने जारी किया था वीडियोबता दें कि तृणमूल कांग्रेस ने गुरुवार को एक वीडियो जारी किया था। 19 मिनट के इस वीडियो में दिखने वाले शख्स के हुमायूं कबीर होने का दावा किया गया और आरोप लगाया गया कि कबीर ने भाजपा से गुप्त सौदेबाजी की है। वीडियो में कबीर जैसा दिखने वाला व्यक्ति यह कहता सुनाई दिया कि उसके नेता विपक्ष सुवेंदु अधिकारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा से अच्छे संबंध हैं। उसे यह भी कहते सुना गया कि वह ममता बनर्जी को सत्ता से हटाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। उसने यह भी कहा कि उसे कथित तौर पर 1000 करोड़ रुपये के सौदे में से 200 करोड़ रुपये मिल चुके हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


