ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR नई दिल्लीआतंकवाद के सभी स्वरूपों को खत्म करना होगा : राजनाथ

आतंकवाद के सभी स्वरूपों को खत्म करना होगा : राजनाथ

उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में एससीओ के रक्षा मंत्री स्तर के सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात...

आतंकवाद के सभी स्वरूपों को खत्म करना होगा : राजनाथ
Newswrapहिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीWed, 24 Aug 2022 11:40 PM
ऐप पर पढ़ें

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) से आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने और उसके सभी स्वरूपों को समाप्त करने का आह्वान किया है। उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में एससीओ के रक्षा मंत्री स्तर के सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।

राजनाथ ने किसी देश का नाम लिए बगैर जोर देकर कहा कि सीमापार आतंकवाद सहित किसी भी रूप में आतंकवाद, किसी के द्वारा और किसी भी उद्देश्य के लिए किया जाता है तो वह मानवता के खिलाफ अपराध है। आतंकवाद वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए सबसे गंभीर चुनौतियों में से एक है। भारत सभी प्रकार के आतंकवाद से लड़ने और क्षेत्र को शांतिपूर्ण, सुरक्षित व स्थिर बनाने के अपने संकल्प को दोहराता है। उन्होंने कहा, हम एससीओ सदस्य देशों के साथ संयुक्त संस्थागत क्षमताओं को विकसित करना चाहते हैं, जो प्रत्येक देश की संवेदनशीलता का सम्मान करते हुए व्यक्तियों, समाजों और राष्ट्रों के बीच सहयोग की भावना पैदा करते हैं।

स्थिर अफगानिस्तान जरूरी

रक्षा मंत्री ने संप्रभुता, स्वतंत्रता, क्षेत्रीय अखंडता, राष्ट्रीय एकता और आंतरिक मामलों में गैर-हस्तक्षेप का सम्मान करने की आवश्यकता पर बल देते हुए शांतिपूर्ण, सुरक्षित और स्थिर अफगानिस्तान के लिए भारत के पूर्ण समर्थन को भी दोहराया। राजनाथ ने अफगानिस्तान के संबंध में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के प्रस्तावों के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवादियों को सुरक्षित पनाहगाह देकर किसी भी देश को डराने या हमला करने के लिए अफगान क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

रूस-यूक्रेन संवाद करें

यूक्रेन की स्थिति पर भारत की ओर से चिंता व्यक्त करते हुए राजनाथ ने कहा, नई दिल्ली संकट के समाधान के लिए रूस और यूक्रेन के बीच बातचीत का समर्थन करती है। भारत यूक्रेन और उसके आसपास के मानवीय संकट को लेकर चिंतित है। हमने मानवीय सहायता प्रदान करने के लिए संयुक्त राष्ट्र महासचिव, संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों और रेड क्रॉस की अंतरराष्ट्रीय समिति के प्रयासों के लिए अपना समर्थन बढ़ाया है।

आतंकी को पकड़ने पर रूस को धन्यवाद

रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु के साथ बातचीत के दौरान राजनाथ ने भारत में हमलों की योजना बना रहे एक आतंकवादी को मॉस्को में गिरफ्तार करने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। रूस ने हाल में इस्लामिक स्टेट के एक आतंकी को गिरफ्तार किया है, जो कथित रूप से भारत में आत्मघाती हमले की साजिश रच रहा था।

पूर्व पीएम शास्त्री को श्रद्धांजलि दी

राजनाथ ने ताशकंद में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने शास्त्री को सादगी का प्रतीक बताया। राजनाथ ने ट्वीट किया, शास्त्री ने सबसे चुनौतीपूर्ण समय में देश का नेतृत्व किया। भारतीय इतिहास में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। बता दें कि 11 जनवरी, 1966 में शास्त्री का निधन ताशकंद में ही हुआ था।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें