Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsAjinkya Rahane Steps Down as Mumbai Captain Ahead of Ranji Trophy 2023-24

खेल : रहाणे ने मुंबई रणजी टीम की कप्तानी छोड़ी

संक्षेप: अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने मुंबई की कप्तानी छोड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि नए नेतृत्वकर्ता को तैयार करने का यह सही समय है। रहाणे ने 2023-24 में मुंबई को 43वीं बार रणजी ट्रॉफी जिताने...

Thu, 21 Aug 2025 04:22 PMNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on
खेल : रहाणे ने मुंबई रणजी टीम की कप्तानी छोड़ी

मुंबई, एजेंसी। अनुभवी भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने आगामी रणजी ट्रॉफी सत्र से पहले गुरुवार को मुंबई की कप्तानी छोड़ दी। उन्होंने कहा कि यह नया नेतृत्वकर्ता तैयार करने का सही समय है। यह 37 वर्षीय खिलाड़ी हालांकि एक बल्लेबाज के रूप में टीम में बना रहेगा। रणजी सत्र 15 अक्तूबर से शुरू हो रहा है। मुंबई की टीम अपने अभियान की शुरुआत जम्मू-कश्मीर के खिलाफ करेगी। रहाणे ने अभी तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 201 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 14000 से अधिक रन बनाए हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा, मुंबई टीम की कप्तानी करना और चैंपियनशिप जीतना मेरे लिए सम्मान की बात है।

आगे नए घरेलू सत्र को देखते हुए मेरा मानना है कि नए कप्तान को तैयार करने का यह सही समय है। इसलिए मैंने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। मैं एक खिलाड़ी के रूप में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं। एमसीए (मुंबई क्रिकेट संघ) के साथ अपना सफर जारी रखूंगा ताकि हमें और अधिक ट्रॉफी जीतने में मदद मिल सके। मैं आगामी सत्र में खेलने को लेकर उत्साहित हूं। रहाणे की कप्तानी में मुंबई ने 2023-24 के सत्र में फाइनल में विदर्भ को हराकर नौ साला सूखा खत्म कर 43वीं बार रणजी खिताब जीता था। साथ ही ईरानी कप और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी भी जीती थी। रहाणे की कप्तानी में भारत ने 2021 में ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीती थी लेकिन अब राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की उनमें कोई दिलचस्पी नहीं है। इसके बावजूद यह स्टार बल्लेबाज राष्ट्रीय टीम में वापसी करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भारत के लिए 85 टेस्ट मैच खेले हैं। इसमें आखिरी टेस्ट जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। उन्होंने 90 वनडे और 20 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी देश का प्रतिनिधित्व किया है। रहाणे ने सबसे छोटे प्रारूप में भी अपने खेल को निखारा जिसके कारण उन्हें आईपीएल 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स का कप्तान बनाया गया। रहाणे और एक अन्य सीनियर बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा भारतीय टीम में वापसी करने की उम्मीद में अब भी घरेलू क्रिकेट में खेल रहे हैं। ------------------- नंबर गेम -43वीं बार 2023-24 में रहाणे की कप्तानी में मुंबई ने जीती थी रणजी ट्रॉफी - 469 रन पिछले साल दिसंबर में सैयद मुश्ताक ट्रॉफी में बनाकर मुंबई को विजेता बनाया -14 हजार रन प्रथम श्रेणी में 45.16 की औसत से 41 शतकों और 59 अर्धशतकों से बनाए हैं --------------------------------