
वेनेजुएला पैकेज::वेनेजुएला के समर्थन में जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन आज
आइसा ने वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। संगठन ने इसे एक संप्रभु देश के आंतरिक मामलों में दखल बताया और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन माना। आइसा ने भारत सरकार से स्पष्ट विदेश नीति अपनाने की मांग की और छात्रों से इस विरोध में शामिल होने की अपील की।
नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप और हमलों के खिलाफ छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) रविवार को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेगा। आइसा ने इस हमले को एक संप्रभु देश के आंतरिक मामलों में खुला दखल बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। आइसा का कहना है कि अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर की गई कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन है और यह वहां के आम नागरिकों के जीवन, शांति और लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है। संगठन के अनुसार, साम्राज्यवादी नीतियों के तहत कमजोर देशों पर सैन्य और राजनीतिक दबाव बनाना पूरी दुनिया के लिए खतरनाक प्रवृत्ति है।
प्रदर्शन के दौरान आइसा कार्यकर्ता अमेरिकी हस्तक्षेप के विरोध में नारेबाजी करेंगे और भारत सरकार से भी इस मुद्दे पर स्पष्ट और स्वतंत्र विदेश नीति अपनाने की मांग करेंगे। संगठन का कहना है कि भारत को युद्ध और हिंसा के बजाय शांति, संवाद और संप्रभुता के पक्ष में खड़ा होना चाहिए। आइसा ने छात्रों, युवाओं और प्रगतिशील संगठनों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचकर इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हों और युद्ध विरोधी, शांति समर्थक आवाज को मजबूत करें। संगठन ने स्पष्ट किया है कि वैश्विक स्तर पर हो रहे अन्याय और आक्रमण के खिलाफ उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




