
एयर मार्शल नागेश कपूर वायु सेना के उप प्रमुख बने
एयर मार्शल नागेश कपूर ने भारतीय वायु सेना के उप प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला। उन्होंने एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी का स्थान लिया। एयर मार्शल कपूर के पास विभिन्न लड़ाकू और प्रशिक्षण विमानों को उड़ाने का व्यापक अनुभव है। एयर मार्शल सीतापल्ली श्रीनिवास ने भी प्रशिक्षण कमान का पदभार ग्रहण किया।
नई दिल्ली, एजेंसी। एयर मार्शल नागेश कपूर ने गुरुवार को भारतीय वायु सेना के उप प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला। अभी तक वह दक्षिण पश्चिमी वायु कमान (एसडब्ल्यूएसी) के 'एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ' के रूप में तैनात थे। वह एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी का स्थान लेंगे, जो बुधवार को सेवानिवृत्त हुए। भारतीय वायु सेना एक्स पोस्ट में बताया कि दिसंबर 1986 में भारतीय वायु सेना की फ्लाइंग ब्रांच में कमीशन प्राप्त करने के वाले एयर मार्शल नागेश कपूर को विभिन्न लड़ाकू और प्रशिक्षण विमानों को उड़ाने का व्यापक अनुभव है। उन्होंने दिल्ली में वायु भवन में वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ का पदभार संभाला, यहां पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
- एयर मार्शल सीतापल्ली ने एयर ऑफिसर कमांडिग-इन-चीफ का पदभार संभाला बेंगलुरु, एजेंसी। एयर मार्शल सीतापल्ली श्रीनिवास ने गुरुवार को 'एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (प्रशिक्षण कमान)' का पदभार ग्रहण किया। भारतीय वायु सेना ने बताया कि 13 जून, 1987 को भारतीय वायु सेना की लड़ाकू श्रेणी में कमीशन प्राप्त करने वाले एयर मार्शल श्रीनिवास 'ए श्रेणी' के 'क्वालीफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर' हैं। उनके पास मिग-21, इस्क्रा, किरण, पीसी-7 एमके द्वितीय, एचपीटी-32, माइक्रोलिट समेत अन्य विमानों को उड़ाने का 4,200 घंटे से अधिक का अनुभव है। वह चेतक/चीता हेलीकॉप्टर पर द्वितीय पायलट और पेचोरा मिसाइल प्रणाली पर एक वर्गीकृत संचालन अधिकारी भी रहे हैं। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा 2017 में विशिष्ट सेवा पदक और 2024 में अति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




