एयर इंडिया ने सौ अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं घटाईं
एयर इंडिया ने सौ विदेशी उड़ानें घटा दी हैं और सात अंतरराष्ट्रीय रूटों पर उड़ान सेवाएं अस्थाई रूप से स्थगित की हैं। इससे एयरलाइन की अंतरराष्ट्रीय क्षमता में 27 प्रतिशत की कमी आएगी। यह निर्णय हवाई क्षेत्र पर लगी पाबंदियों और ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण लिया गया है।

नई दिल्ली, एजेंसी। एयर इंडिया ने सौ विदेशी उड़ानें घटा दी हैं। इसके अलावा सात अंतरराष्ट्रीय रूटों पर भी उड़ान सेवाएं अस्थाई रूप से स्थगित की गई हैं। इससे घाटे में चल रही एयरलाइन की अंतरराष्ट्रीय क्षमता में 27 प्रतिशत तक की कमी आएगी। कंपनी ने यह फैसला हवाई क्षेत्र पर लगी पाबंदियों और ईंधन की बढ़ती कीमतों के चलते लिया है। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक बयान में बताया गया कि सेवाओं में कटौती का निर्णय जून से अगस्त तक लागू रहेगा। बताया कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि और कई क्षेत्रों में हवाई क्षेत्र पर लगी रोक से कंपनी की उड़ान सेवाओं पर असर पड़ा है। बताया गया कि अगले तीन महीनों में 100 से अधिक साप्ताहिक या 400 से अधिक मासिक अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं कम की जाएंगी। इसके अलावा अगस्त तक दिल्ली-शिकागो, दिल्ली-नेवार्क, मुंबई-न्यूयॉर्क, दिल्ली-शंघाई, चेन्नई-सिंगापुर, मुंबई-ढाका और दिल्ली-माले रूटों पर सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित रखेगी。
इन देशों की उड़ानें कम होंगी
बयान के अनुसार यूरोप की 12, आस्ट्रेलिया की छह साप्ताहिक सेवाओं में कटौती की जाएगी। दिल्ली से सैन फ़्रांसिस्को, टोरंटो, वैंकूवर, पेरिस, कोपेनहेगन, मिलान, वियना, ज्यूरिख और रोम जाने वाली उड़ानें कम की जाएंगी। दिल्ली से मेलबर्न, सिडनी, सिंगापुर, बैंकॉक, कुआलालंपुर, हो ची मिन्ह सिटी, हनोई, काठमांडू, ढाका और कोलंबो के लिए भी सेवाएं कम होंगी। मुंबई से सिंगापुर, बैंकॉक और कोलंबो जाने वाली उड़ानें घटेंगी। हालांकि, कंपनी ने प्रतिमाह 1200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें जारी रखने की बात कही है।
आगे और भी बदलाव संभव
एयर इंडिया ने बयान में यह भी कहा कि यदि उड़ान सेवाओं के परिचालन का यह असाधारण माहौल बना रहता है, तो वह अपने नेटवर्क में और भी बदलाव कर सकती है। कंपनी ने इससे पहले भी अप्रैल-मई में कुछ उड़ानें कम की थीं।
प्रश्नोत्तर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


