
कनाडा एयरपोर्ट पर शराब पीने के शक में ड्यूटी से हटाया पायलट
23 दिसंबर को वैंकूवर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयर इंडिया के पायलट को शराब के शक में उड़ान से हटा दिया गया। ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट में पायलट फेल हो गया और उसे हिरासत में लिया गया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक पायलट की व्यवस्था की गई, जिससे उड़ान में देरी हुई।
नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। 23 दिसंबर को कनाडा स्थित वैंकूवर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से वियना होते हुए दिल्ली आने वाली एयर इंडिया की उड़ान एआई-186 के एक पायलट को शराब के शक में उड़ान से अंतिम समय पर हटा दिया गया। कनाडाई अधिकारियों ने ब्रीथ एनालाइजर (बीए) टेस्ट किया, जिसमें पायलट फेल हो गया। इसके बाद उसे हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट के ड्यूटी फ्री स्टोर में एक स्टाफर ने पायलट को देखा, जिसकी जानकारी कनाडाई अधिकारियों को दी गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज की मदद से पायलट की पहचान की गई और उसे उड़ान से पहले पकड़ लिया गया।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर तत्काल वैकल्पिक पायलट की व्यवस्था की गई। इसके चलते विमान ने तय समय से करीब दो घंटे की देरी से उड़ान भरी। सूत्रों के अनुसार, पायलट को कुछ दिन बाद दिल्ली लाया गया और उससे पूछताछ की जा रही है। इस पूरे मामले की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को भी दे दी गई है, जो अलग से जांच कर रहा है। बताया जा रहा है कि विमान वैंकूवर से वियना होते हुए दिल्ली आ रहा था। वैंकूवर एयरपोर्ट पर बीए जांच में पायलट फेल हुआ। पायलट को जांच पूरी होने तक फ्लाइंग ड्यूटी से हटा दिया गया है और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। मौजूदा समय में नियम कहता है कि बीए टेस्ट में फेल होने पर पायलट का लाइसेंस भी रद्द हो सकता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




