कमाल : अब रोबोट भी करेंगे भरतनाट्यम
अमेरिका में वैज्ञानिकों ने एआई रोबोट को भारतीय शास्त्रीय नृत्य भरतनाट्यम सिखाने का काम शुरू किया है। इस तकनीक से रोबोट के हाथों की पकड़ और लचीलापन बेहतर हुआ है। भरतनाट्यम की मुद्राओं को छह मुख्य पैटर्न में समझकर, रोबोट ने न केवल नृत्य किया, बल्कि अमेरिकी साइन लैंग्वेज के अक्षर भी बनाए।

यह नृत्य सीखने के बाद एआई रोबोट के हाथों की पकड़ और लचीलापन बेहतर हो गया इंसान के हाथ की लगभग सभी हरकतों को छह मुख्य पैटर्न में समझा जा सकता है वाशिंगटन, एजेंसी। आने वाले समय में अब रोबोट भी आपको भारतीय शास्त्रीय नृत्य की नजाकत को कॉपी करते दिखें। अमेरिका में यूनिवर्सिटी ऑफ मैरीलैंड के वैज्ञानिक अब रोबोट को भरतनाट्यम सिखा रहे हैं, ताकि भविष्य की मशीनों की चाल और हाव-भाव को इंसानों जैसा बनाया जा सके। उनका उद्देश्य केवल रोबोट को नचाना नहीं है, बल्कि उनकी मूवमेंट (चाल) को बेहतर बनाना है। यह एक ऐसा नृत्य है, जिसमें हाथों की मुद्राओं (मुद्रा) और आंखों के इशारों का बहुत सटीक इस्तेमाल होता है।
वैज्ञानिकों ने इस तकनीक का इस्तेमाल करके जटिल डांस स्टेप को आसान पैटर्न में बदला है। रिसर्च में पाया गया कि भरतनाट्यम की मुद्राओं को सीखने के बाद रोबोट के हाथों की पकड़ और लचीलापन पहले से कहीं ज्यादा बेहतर और सटीक हो गया। इस प्रोजेक्ट के लिए भारतीय डांस विशेषज्ञ और एआई इंजीनियरों ने हाथ मिलाया। विशेषज्ञों ने पाया कि इंसान के हाथ की लगभग सभी हरकतों को छह मुख्य पैटर्न (सिनर्जी) में समझा जा सकता है। जब इन पैटर्न को भरतनाट्यम की 30 मुद्राओं पर आजमाया गया, तो रोबोट ने न केवल डांस किया, बल्कि अमेरिकी साइन लैंग्वेज (इशारों की भाषा) के अक्षरों को भी बखूबी बना लिया। यह भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक रोबोटिक्स का एक अद्भुत मिलन है। अब वैज्ञानिक नृत्य की मुद्राओं को एक एल्गोरिदम की तरह देख रहे हैं, जो रोबोट को समझदार और संतुलित बनाने में मदद करेगा। बॉक्स - ‘काइनेमैटिक सिनर्जी’ तकनीक का इस्तेमाल रोबोट के लिए इंसान जैसी कोमल हरकतें करना मुश्किल होता है। इसे आसान बनाने के लिए वैज्ञानिकों ने ‘काइनेमैटिक सिनर्जी’ तकनीक का इस्तेमाल किया। वैज्ञानिकों ने पहले इंसान के हाथों की 30 सामान्य हरकतों (जैसे किसी चीज को पकड़ना) का बारीकी से अध्ययन किया और पाया कि इन सभी हरकतों को छह मुख्य पैटर्न में बांटा जा सकता है। जब यही तरीका भरतनाट्यम की 30 मुद्राओं (हाथों के इशारों) पर आजमाया गया, तो वहां भी वही छह मुख्य पैटर्न काम आए। इन पैटर्न की मदद से जटिल डांस स्टेप को सरल कोड या ‘शॉर्टकट’ में बदल दिया गया, जिसे रोबोट का दिमाग आसानी से समझ सकता है। नतीजा यह हुआ कि रोबोट न केवल सटीकता से डांस कर पाए, बल्कि उनके हाथों में गजब का लचीलापन भी आ गया। इसी तकनीक का सफल टेस्ट ‘साइन लैंग्वेज’ (इशारों की भाषा) दिखाने में भी किया गया। इससे दिखा कि काइनेमैटिक सिनर्जी तकनीक रोबोट को इंसानी हाव-भाव भी समझने और दोहराने में सक्षम बनाती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



