पूर्वोत्तर राज्यों को देशभर से जोड़ेंगी नौ अमृत भारत ट्रेनें

Jan 14, 2026 09:11 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

केंद्र सरकार अमृत भारत ट्रेनों के जरिए पूर्वोत्तर और पश्चिम बंगाल को देशभर से जोड़ने जा रही है। यात्रियों को 500 रुपये में 1,000 किलोमीटर यात्रा करने का मौका मिलेगा। इन ट्रेनों में स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच होंगे। प्रधानमंत्री मोदी 17-18 जनवरी को नौ नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।

पूर्वोत्तर राज्यों को देशभर से जोड़ेंगी नौ अमृत भारत ट्रेनें

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। केंद्र सरकार पूर्वोत्तर और पश्चिम बंगाल को किफायती और आधुनिक सुविधाओं से लैस अमृत भारत ट्रेनों के जरिये देशभर से जोड़ने जा रही है। इनकी विशेषता यह है कि अमृत भारत में स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच होंगे। रेल यात्री महज 500 रुपये में 1,000 किलोमीटर का सफर कर सकेंगे। नौ नई ट्रेन चलने के बाद देश में कुल अमृत भारत ट्रेनों की संख्या 30 से बढ़कर 39 हो जाएगी। सरकार ने अमृत भारत ट्रेनों को आंतरिक प्रवासी श्रमिकों को ध्यान में रखकर शुरू किया है। जिससे वह रोजी-रोटी के लिए आरामदायक सफर कर सकेंगे। रेलवे बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 17-18 जनवरी को मालदा टाउन कार्यक्रम के दौरान नौ अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

उन्होंने बताया कि अमृत भारत ट्रेनों के रेलमार्ग लगभग तय कर दिए गए हैं, हालांकि अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि देश के दक्षिण, पश्चिम और उत्तर भारत के प्रमुख औद्योगिक तथा धार्मिक केंद्रों को ध्यान में रखकर अमृत भारत ट्रेनों को चलाने की योजना बनाई गई है। प्रसिद्ध शक्ति पीठ (कामाख्या) गुवाहाटी-रोहतक अमृत भारत असम को हरियाणा से जोड़ेगी। ट्रेन वाया छपरा-वाराणसी होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। डिब्रूगढ़-लखनऊ (गोमती नगर) ट्रेन असम के ऊपरी हिस्सों से उत्तर प्रदेश की राजधानी तक सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। वहीं, न्यू जलपाईगुड़ी-नागरकोइल ट्रेन पश्चिम बंगाल से कन्याकुमारी के पास सुदूर दक्षिण तक का सफर तय करेगी। इसमें कई प्रसिद्ध मंदिर व धार्मिक स्थल तक रेल संपर्क मिलेगा। न्यू जलपाईगुड़ी-तिरुचिरापल्ली अमृत भारत को पश्चिम बंगाल से तमिलनाडु के औद्योगिक शहर से जोड़ा जाएगा। अलीपुरद्वार–एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस को उत्तर बंगाल से आईटी हब बेंगलुरु तक की यात्रा आसान होगी। अलीपुरद्वार-मुंबई (पनवेल) ट्रेन पूर्वी भारत को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से जोड़ेगी। कोलकाता (सांतरागाछी)-तांबरम ट्रेन पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के बीच एक नया रेल संपर्क होगा। जबकि कोलकाता (हावड़ा) – आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस देश की राजधानी और कोलकाता के बीच आम यात्रियों के लिए किफायती विकल्प साबित होगा। कोलकाता (सियालदह)-बनारस ट्रेन पश्चिम बंगाल को उत्तर प्रदेश के धार्मिक केंद्र वाराणसी से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण ट्रेन होगी। ट्रेन में सिर्फ स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच होंगे रेल अधिकारी ने बताया कि अमृत भारत एक्सप्रेस का किराया लगभग 500 रुपये प्रति 1,000 किलोमीटर रखा गया है, जो इसे लंबी दूरी के लिए सबसे किफायती ट्रेन बनाता है। पूरी ट्रेन में सिर्फ स्लीपर और जनरल श्रेणी के डिब्बे होंगे। इससे आम नागरिक व गरीब-मजदूर की जेब पर बोझ नहीं पड़ेगा। इन ट्रेनों में पुश-पुल तकनीक होने से सुपरफास्ट रफ्तार पर गंतव्य पहुंचाएगी। कम किराया होने के बावजूद इसके कोच सीसीटीवी, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और आधुनिक बायो-टॉयलेट की सुविधा से लैस होंगे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।