अदाणी ने प्रतिबंध उल्लंघन मामला निपटाया
अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लि. ने अमेरिकी वित्त विभाग के 'विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय' को 27.5 करोड़ डॉलर का भुगतान कर ईरानी प्रतिबंधों के उल्लंघन के मामले का निपटारा किया। कंपनी ने कहा कि इस मामले में उसने 'विस्तृत सहयोग' दिया और निष्कर्षों का 'स्वेच्छा से खुलासा' किया।

टीसी.. नई दिल्ली/ न्यूयॉर्क, एजेंसी। अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लि. ने सोमवार को अमेरिकी वित्त विभाग के 'विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय' को 27.5 करोड़ डॉलर यानी करीब 2600 करोड़ रुपये का भुगतान कर ईरानी प्रतिबंधों के कथित उल्लंघन के मामले का निपटारा कर लिया। यह मामला गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह के जरिये ईरान से जुड़े एलपीजी के आयात से संबंधित है। कंपनी ने कहा कि उसने मामले की जांच में 'विस्तृत सहयोग' दिया और निष्कर्षों का 'स्वेच्छा से खुलासा' भी किया।
गौतम अदाणी का नेतृत्व
अरबपति उद्योगपति गौतम अदाणी की अगुवाई वाली अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंधों के स्पष्ट उल्लंघन से जुड़ी संभावित सिविल देनदारी के निपटारे के लिए 27.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर का भुगतान करने पर सहमति जताई है। हालांकि, कंपनी ने कहा कि यह समझौता किसी प्रकार की दोषसिद्धि या गलत काम की पुष्टि नहीं करता और इससे संबंधित सभी देनदारियों का निपटारा कर देता है।
एलपीजी की खरीद
कंपनी ने नवंबर, 2023 से जून, 2025 के बीच दुबई-आधारित एक कारोबारी से एलपीजी की खरीद की थी। उस कारोबारी ने खुद को ओमान और इराक से आपूर्ति करने वाला मध्यस्थ बताया था, लेकिन जांच में सामने आया कि गैस की वास्तविक आपूर्ति ईरान से जुड़ी थी।
अदाणी समूह के खिलाफ दूसरा मामला
यह अमेरिका में पिछले कुछ दिनों में अदाणी समूह के खिलाफ बंद होने वाला दूसरा मामला है। पिछले सप्ताह अदाणी और उनके भतीजे सागर अदाणी ने अमेरिकी बाजार नियामक प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग के उन आरोपों को निपटाने के लिए 1.8 करोड़ डॉलर का भुगतान करने पर सहमति जताई थी, जिसमें कहा गया था कि उन्होंने समूह की नवीकरणीय ऊर्जा इकाई के लिए पूंजी जुटाने के दौरान कथित रिश्वतखोरी योजना को छिपाकर निवेशकों से झूठ बोला था।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


