
अभिषेक बनर्जी ने आई-पैक कार्यालय पर ईडी के छापे की आलोचना की
तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने आई-पैक के कार्यालय पर ईडी की हालिया छापेमारी की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी राजनीतिक उद्देश्य से काम कर रही है और केवल पश्चिम बंगाल में छापे मारे गए। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी ममता बनर्जी पर अपने भतीजे को बचाने का आरोप लगाया।
कोलकाता, एजेंसी। तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने राजनीतिक परामर्श देने वाली संस्था आई-पैक के कार्यालय पर हाल में हुई छापेमारी को लेकर सोमवार को ईडी की आलोचना की। अभिषेक ने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसी सूचना चुराने आई थी और भाजपा राजनीतिक हिसाब-किताब चुकता करने के लिए उसका दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने ईडी की कार्रवाई के पीछे के उद्देश्य और औचित्य पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि एजेंसी निष्पक्ष जांच करने के बजाय चोरी करने में अधिक दिलचस्पी दिखा रही है। उन्होंने सवाल किया कि यदि केंद्रीय जांच एजेंसी संगठन के खिलाफ वास्तव में जांच कर रही थी, तो उसने केवल पश्चिम बंगाल में ही आई-पैक के कार्यालय पर छापा क्यों मारा और हैदराबाद एवं दिल्ली जैसे स्थानों में ऐसा क्यों नहीं किया।
ईडी ने कथित कोयला घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में आठ जनवरी को साल्ट लेक स्थित आई-पैक के कार्यालय और दक्षिण कोलकाता में उसके निदेशक प्रतीक जैन के आवास पर छापे मारे थे। ---------------- अधीर ने ममता पर अपने भतीजे को बचाने का लगाया आरोप कोलकाता, एजेंसी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कोयला घोटाला में अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी को बचाने का आरोप लगाया। चौधरी ने ईडी की भी आलोचना करते हुए जांच के तौर-तरीके को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि ईडी ने कुछ साल पहले दिल्ली में अभिषेक से नौ घंटे तक पूछताछ की थी। लेकिन उसके बाद उसने क्या किया? यह एजेंसी सरासर बेवकूफ है। यह जांच शुरू तो करती है लेकिन उसे टालती रहती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




