
दंतेवाड़ा में 63 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में 63 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया, जिनमें 18 महिलाएं शामिल हैं। आत्मसमर्पण करने वालों में 36 पर 1.19 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। यह कदम सरकार की पुनर्वास नीति 'पूना मार्गेम' से प्रेरित था।
दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़), एजेंसी। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में 63 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें 18 महिलाएं भी हैं। सरेंडर करने वालों में 36 पर कुल 1.19 करोड़ के इनाम घोषित थे। शुक्रवार को दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने यह जानकारी दी। बताया कि नक्सलियों ने पुलिस और सीआरपीएफ अधिकारियों के सामने सरेंडर किया। बताया कि समर्पण करने वाले सात नक्सलियों पर आठ-आठ लाख रुपये इनाम घोषित था। इनमें माओवादी कालाहांडी क्षेत्र समिति सचिव पाकलू उर्फ प्रदीप ओयाम, डिवीजनल समिति सदस्य मोहन उर्फ आजाद कड़ती, भैरमगढ़ क्षेत्र समिति सचिव सुमित्रा उर्फ द्रौपदी चंपा (मोहन की पत्नी), प्लाटून पार्टी सदस्य हुंगी उर्फ राधिका लेकम, कंपनी नंबर एक सदस्य सुखराम टाटी और कंपनी नंबर सात के सदस्य पांडु मडकम और सोमू कड़ी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सात अन्य कैडरों पर पांच-पांच लाख रुपये, आठ पर दो-दो लाख रुपये, 11 कैडरों पर एक-एक लाख रुपये और तीन कैडरों पर 50,000 रुपये का इनाम था। 36 कैडरों पर कुल 1,19,50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। ये सभी राज्य में दक्षिण बस्तर डिवीजन, पश्चिम बस्तर डिवीजन, माड़ डिवीजन और ओडिशा से सटे इलाकों में सक्रिय थे। ‘पूना मार्गेम’ से प्रभावित हैं नक्सली अधिकारी ने बताया कि नक्सलियों के लिए विशेष पहल 'पूना मार्गेम' (पुनर्वास से सामाजिक एकीकरण तक) के चलते नक्सली कैडर सरेंडर कर रहे हैं। बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने भी कहा कि वे सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति से भी प्रभावित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




