केरल में क्रिसमस पर हिंसा में 50 प्रवासी श्रमिक गिरफ्तार
-हिंसा के मूल कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस -इस घटना में आठ

कोच्चि। एजेंसी
केरल में एर्नाकुलम जिले के किझक्कम्बलम इलाके में क्रिसमस समारोह के दौरान हुई हिंसा के मामले में 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी प्रवासी श्रमिक हैं और पुलिस हिंसा के मूल कारणों और आरोपियों की भूमिका को लेकर जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, बीते शनिवार की रात किझक्कम्बलम में पूर्वोत्तर के प्रवासी श्रमिकों की ओर से मनाए जा रहे क्रिसमस समारोह में दो गुटों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस दल पर भी श्रमिकों ने पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस की दो जीप में तोड़फोड़ की गई और एक जीप को आग के हवाले कर दिया गया। इस घटना में पुलिस निरीक्षक समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के.कार्तिक ने सोमवार को यहां बताया कि इस घटना को लेकर दो मामले दर्ज किए गए हैं। शुरू में 150 लोगों को हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के बाद 50 श्रमिकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हिंसा में शामिल सभी लोगों की शिनाख्त की जा रही है।
घटना का वीडियो वायरल
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग पुलिस के वाहनों को घेरे हुए दिख रहे हैं। इनमें से कुछ लोग वाहनों पर चढ़ रहे हैं। साथ ही कुछ लोग पुलिसकर्मियों पर पथराव करते नजर आ रहे हैं। जब पुलिसकर्मी थोड़ा पीछे हटे तो श्रमिकों ने एक पुलिस वाहन में आग लगा दी।
