
झगड़े का बदला लेने के लिए कैब चालक को चाकू से गोदा, मौत
संक्षेप: किशनगढ़ में पुराने विवाद का बदला लेने के लिए दो दोस्तों ने 23 वर्षीय नितेश खत्री की चाकू मारकर हत्या कर दी। शव मछली पार्क में मिला। पुलिस ने आरोपियों मोहित महलावत और लकी को गिरफ्तार कर लिया। नितेश ने...
नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। किशनगढ़ इलाके में रविवार रात पुराने झगड़े का बदला लेने के लिए दो दोस्तों ने 23 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। सोमवार सुबह मछली पार्क में शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पहचान किशनगढ़ निवासी कैब चालक नितेश खत्री के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से खून से सना चाकू, मृतक का मोबाइल फोन और कपड़े बरामद किए हैं। डीसीपी अमित गोयल के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे पुलिस को सूचना मिली कि मछली पार्क में एक युवक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा है।

मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के शरीर पर चाकू के कई घाव और चोटों के निशान मिले। एफएसएल और क्राइम टीम ने साक्ष्य जुटाए। मृतक के परिवार और पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला कि कुछ समय पहले नितेश का मोहित महलावत नामक युवक से झगड़ा हुआ था। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने 23 वर्षीय मोहित महलावत उर्फ मन्नू और उसके दोस्त 23 वर्षीय लकी उर्फ टन्नू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल किया। मोहित ने बताया कि करीब ढाई साल पहले नितेश ने अपने साथियों के साथ उसकी पिटाई की थी और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया था। तभी से वह बदला लेने की फिराक में था। 26 अक्तूबर की रात दोनों ने मछली पार्क के पास नितेश को रोककर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों से आगे की पूछताछ कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




