‘पुलिसकर्मी के थप्पड़ मारने के बाद युवक ने जान दी’

Mar 05, 2026 10:39 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

इंदौर में 22 वर्षीय युवक ने एक रिहायशी इमारत की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। युवक के परिजनों का कहना है कि उसे एक पुलिसकर्मी ने थप्पड़ मारा था, जिससे वह डर गया था। पुलिस ने आरोप को खारिज कर दिया। घटना के समय युवक ने 'सॉरी' कहा था और उसके बाद आत्महत्या कर ली।

‘पुलिसकर्मी के थप्पड़ मारने के बाद युवक ने जान दी’

इंदौर में 22 वर्षीय एक युवक ने गुरुवार तड़के एक रिहायशी इमारत की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। युवक के परिजनों का कहना है कि एक पुलिस कर्मी द्वारा कथित रूप से थप्पड़ मारे जाने के बाद उसने डर के मारे जान देने का यह कदम उठाया, जबकि पुलिस ने इस आरोप को खारिज किया।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक चंदन नगर थानाक्षेत्र के ताप्ती परिसर में राज मकवाना (22) ने इस रिहायशी इमारत की पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी और नीचे गिरने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि रिहायशी इमारत के एक सुरक्षा गार्ड ने पुलिस को सूचना दी थी कि मकवाना उससे विवाद कर रहा है। मकवाना की बड़ी बहन निकिता ने संवाददाताओं को बताया कि सुरक्षा गार्ड की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने मेरे भाई से पूछताछ की। मेरे भाई ने ‘सॉरी’ बोलकर पुलिस से माफी भी मांगी। इसके बावजूद एक पुलिस कर्मी ने उसे थप्पड़ मार दिया। निकिता ने बताया कि थप्पड़ मारने के बाद मकवाना काफी सहम गया और उसे गिरफ्तारी का डर सताने लगा।चंदन नगर के थाना प्रभारी तिलक कारोले ने कहा कि रिहायशी इमारत के परिसर में मकवाना के हंगामे की सूचना पर पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची थी। पुलिसकर्मियों ने उसे समझा-बुझाकर शांत रहने को कहा था। इसके 45 मिनट बाद उसने इमारत की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। कारोले ने मकवाना की बहन के इस आरोप को खारिज किया कि एक पुलिस कर्मी ने उसे चांटा मारा था।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।