
जल्द 50 लाख ‘रूफटॉप सोलर के आंकड़े पर पहुंचेंगे: जोशी
नई दिल्ली, ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत देशभर में 20 लाख से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर प्रणाली लगाई गई हैं। जल्द ही यह संख्या 30 लाख होगी।...
नई दिल्ली, एजेंसी। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत देशभर में 20 लाख से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर प्रणाली लगाई जा चुकी हैं। बहुत जल्द इसमें 30 लाख की संख्या और जुड़ जाएगी। हालांकि, मंत्री ने देशभर में इस योजना के तहत एक करोड़ लाभार्थियों के लिए रूफटॉप सोलर उपकरण लगाने के लक्ष्य का आधा हिस्सा हासिल करने के लिए कोई विशिष्ट समयसीमा नहीं बताई। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और प्रधानमंत्री-कुसुम योजनाओं की राज्यों की समीक्षा बैठक के उद्घाटन को संबोधित करते हुए जोशी ने कहा, अब 20 लाख (घरों) में रूफटॉप लगाने का काम पूरा हो गया है।

बहुत जल्द हम 30 लाख और जोड़ेंगे। कुल मिलाकर, हमारा लक्ष्य (योजना के तहत) एक करोड़ घरों का है। मंत्री ने बताया कि उन्होंने उन सभी लोगों के लिए एक उपयोगिता आधारित मॉडल को मंजूरी दे दी है जिनके सिर पर छत नहीं है। उन्होंने आगे कहा, कुछ राज्यों ने इसे (रूफटॉप सोलर लगाने) बहुत तेजी से करने की योजना बनाई है। आंध्र प्रदेश भी ऐसा ही एक राज्य है। उन्होंने कहा कि यह योजना मांग-आधारित है और लाभ पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिए जाएंगे। उन्होंने राज्यों से दोनों योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए सक्रिय रहने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न योजनाओं, ग्रिड कनेक्टिविटी और लाइसेंस में अनुपालन संबंधी समस्याएं हैं और राज्यों को और अधिक सक्रिय रहने की जरूरत है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


