Delhi News: रील बनाने के विवाद में किशोर को चाकू से गोदा
Delhi News: नई दिल्ली में, नांगलोई और मंगोलपुरी रेलवे स्टेशनों के बीच एक 17 वर्षीय लड़के की चाकू से हत्या कर दी गई। वह अपने दोस्तों के साथ रेल ट्रैक पर वीडियो बना रहा था। तीन हमलावरों ने विवाद के बाद उसे मारा। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया।

Delhi News: नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। बाहरी दिल्ली के नांगलोई और मंगोलपुरी रेलवे स्टेशनों के बीच रील बना रहे एक 17 वर्षीय किशोर की तीन लड़कों ने चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। दिल्ली पुलिस की रेलवे यूनिट ने कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए तीन किशोरों को पकड़ लिया। रेलवे पुलिस के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब छह बजे मंगोलपुरी का रहने वाला 17 वर्षीय पीड़ित अपने दो दोस्तों मुन्ना गुप्ता और एक अन्य नाबालिग के साथ राज पार्क औद्योगिक क्षेत्र के पास रेलवे ट्रैक पर मोबाइल से रील बना रहा था। तभी वहां से गुजर रहे तीन लड़के उनके पास आए और रील बनाने में दखल देने लगे।
पीड़ित के विरोध करने पर दोनों पक्षों में झड़प शुरू हो गई। तीनों आरोपियों में से एक ने पीड़ित को पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने अपने पास छिपाकर रखा चाकू तीसरे साथी को थमा दिया। उसने चाकू पीड़ित के पेट में घोप दिया। वारदात के बाद तीनों भाग निकले। पीड़ित के दोस्तों ने उसे तुरंत संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार को अस्पताल से सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन पुलिस को घटना की सूचना मिली। एएसआई शाहवीर सिंह की टीम वहां पहुंची। इलाज के दौरान पीड़ित ने दम तोड़ दिया। रेलवे पुलिस ने तफ्तीश शुरू की और कुछ ही देर में तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें धर दबोचा। आरोपियों की निशानदेही पर वह चाकू भी बरामद कर लिया गया जिसे उन्होंने ऑनलाइन शॉपिंग साइट से मंगवाया था।


